रामानंद सागर की ‘रामायण’ (Ramayana) आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसका हर किरदार लोगों के बीच आज भी पॉपुलर हैं। फिर चाहे वो राम-सीता हों या फिर लक्ष्मण और हनुमान। इस शो ने दर्शकों के दिलों पर अलग ही छाप छोड़ी, जिसके बाद लोग इसके लीड एक्टर्स को भगवान मानकर पूजने तक लगे। इसी में से एक किरदार हनुमान का रहा है, जिसे दारा सिंह ने निभाया था। इंडस्ट्री में उनके जैसे हनुमान कोई बन ही नहीं पाया। दारा सिंह ने हनुमान के किरदार में इस तरह से जान डाल दी जैसे वो रियल में हनुमान हों। लेकिन, क्या आपको पता है एक्टर को इस रोल के गेटअप के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। उनके लिए गेटअप में आने के बाद उठना बैठना तक मुश्किल हो जाता था। यहां तक कि वो 8-9 घंटे तक खाना पीना भी नहीं करते थे। चलिए बताते हैं कितनी मेहनत के बाद वो ‘रामायण’ में हनुमान बन पाए थे।
दरअसल, दारा सिंह (Dara Singh) ने एक बार अपने इंटरव्यू में हनुमान बनने को लेकर बताया था कि उनके चेहरे पर मोल्ड हुआ करता था। इस लुक में आने के लिए शूटिंग के तीन घंटे पहले ही उनका मेकअप शुरू हो जाया करता था। चेहरे पर मोल्ड और मेकअप होने की वजह से दारा सिंह को 8-9 घंटे तक भूखा रहना पड़ता था। वो कुछ खा पी नहीं पाते थे। हालांकि, उन्होंने कभी भी मेकर्स से इस चीज को लेकर कभी शिकायत नहीं की बल्कि कड़ी तपस्या, मेहनत और लगन के साथ हनुमान के किरदार को निभाया है। उनका मानना था कि शायद उनकी इस कड़ी तपस्या से हनुमान जी काफी खुश हो गए थे और किरदार में जान डाल दी थी।
बैठने के लिए किया गया था खास इंतजाम
‘रामायण’ में हनुमान के किरदार को लेकर लहरें को दिए इंटरव्यू में रामानंद सागर के बेटे प्रेम ने बताया था कि दारा सिंह के लिए बैठने का खास इंतजाम किया गया था। वो पूंछ की वजह से बैठ नहीं पाते थे। उनके लिए बैठना काफी मुश्किल हो जाता था। ऐसे में दारा सिंह के बैठने के लिए एक स्पेशनल स्टूल रखा गया था, जिसमें पूंछ के लिए एक लगा दिया गया था। इससे वो आसानी से बैठ जाया करते थे।
हनुमान नहीं बनना चाहते थे दारा सिंह
आपको बता दें कि दारा सिंह पहले हनुमान का रोल करने के लिए तैयार नहीं थे। इस बात का खुलासा दिवंगत एक्टर के बेटे विंदु दारा सिंह ने आरजे सिद्धार्थ कन्नन के इंटरव्यू में किया था। उन्होंने बताया था कि रामानंद सागर ने दारा सिंह को शो में लेने का मन बना लिया था। उस समय दारा सिंह ने बेटे विंदु से कहा था कि वो इस रोल को नहीं करेंगे। उनका कहना था कि इस उम्र में ये रोल करेंगे तो लोग उन पर हसेंगे। वहीं, दारा की इमेज रामानंद सागर के दिल में फिट हो चुकी थी। ऐसे में अब दारा सिंह को मानना तो पड़ता ही। विंदु ने बताया था कि रामानंद ने सपने में दारा सिंह को हनुमान के रोल में देखा था, जिसके बाद खुद एक्टर भी उन्हें मना नहीं कर पाए और वो इसे करने के लिए तैयार हो गए।