CineGram: राज कपूर की फिल्में और उनके काम के आज भी खूब किस्से सुनाये जाते हैं, लेकिन उनकी पत्नी कृष्णा कपूर के साथ उनके रिश्ते का जिक्र उतना नहीं होता। राज कपूर ने 21 साल की उम्र में शादी कर ली थी और उस वक्त कृष्णा केवल 16 साल की थी। दोनों की लव मैरिज हुई थी, पहली नजर में ही उन्होंने एक दूसरे को दिल दे दिया था। हाल ही में दिए इंटरव्यू में कृष्णा के भतीजे और अभिनेता प्रेमनाथ के बेटे मोंटी प्रेम नाथ ने दोनों की लव स्टोरी के बारे में ढेर सारी बात की।

विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल के साथ बात करते हुए मोंटी ने बताया कि राज कपूर और अभिनेता प्रेम नाथ दोस्त थे जिन्होंने एक-दूसरे के साथ काम भी किया था और कृष्णा, जो प्रेम नाथ की बहन थीं, पहली बार राज से तब मिलीं जब वह तानपुरा बजा रही थीं।

मोंटी ने बताया कि प्रेम नाथ और राज कपूर एक बार मध्यप्रदेश में छुट्टी मना रहे हैं, तब राज कपूर ने पहली बार कृष्णा का संगीत सुना था। वो चेहरे पर घूंघट डालकर तानपुरा बजाती थी लेकिन राज उसका चेहरा देखने की जिद करते थे। मोंटी ने कहा, “कृष्णा, मेरी बुआ, कृष्णा आंटी वहां तानपुरा बजा रही थीं। राज अंकल उनका चेहरा देखना चाहते थे लेकिन वह घूंघट में थी।”

उस वक्त प्रेमनाथ को लगा कि वो अपना घूंघट अशोक कुमार को देखने के लिए उठा सकती है,क्योंकि वो उनकी बड़ी फैन थीं। उन्होंने झूठ कहा कि उनके साथ अशोक कुमार हैं। ये सुनकर उन्होंने अपना घूंघट हटा दिया और जैसे ही दोनों (राज कपूर और कृष्णा) की नजरें मिलीं दोनों को प्यार हो गया। मोंटी प्रेमनाथ ने कहा, “वो अशोक कुमार की बड़ी फैन थी इसलिए मेरे पिता ने कहा ‘कृष्णा, मेरे साथ अशोक कुमार आया है। तो उन्होंने अपना पल्लू हटाया और राज अंकल को देखा और ये पहली नजर का प्यार था। फिर दोनों ने शादी कर ली थी।”

बता दें कि राज कपूर और कृष्णा की शादी में बहुत से उतार-चढ़ाव आए, लेकिन दोनों कभी अलग नहीं हुए। राज कपूर और कृष्णा ने तब शादी की थी, जब राज कपूर मशहूर भी नहीं हुए थे। शादी के बाद भी राज कपूर के अफेयर हुए, लेकिन कृष्णा ने उनका साथ नहीं छोड़ा। ऋषि कपूर की किताब के मुताबिक वो तब टूट गई थीं जब राज कपूर का अफेयर वैजयंती माला के साथ हुआ। उस वक्त वह अपने बच्चों को लेकर होटल में रहने लगी थीं, लेकिन बाद में राज कपूर ने उन्हें मना लिया और दोनों फिर साथ रहने लगे।

बता दें कि राज कपूर का जब निधन हुआ था तो उन्हें पहले ही इसका आभास हो गया था। उन्होंने एक महीने पहले ही बोल दिया था कि वो नहीं बचेंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…