60-70 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस मुमताज अपने जमाने की बेहद ही खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। वो स्क्रीन पर अपनी एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरती की छाप छोड़ने में सफल रही हैं। उनकी अदाओं और अदाकारी की लोग जमकर तारीफ करते हैं। पर्दे पर उनकी और राजेश खन्ना की जोड़ी को लोगों ने खूब सराहा था। उन्होंने 10 फिल्मों में साथ काम किया और सभी की सभी हिट रही थीं। राजेश खन्ना के अलावा एक्ट्रेस की केमिस्ट्री शम्मी कपूर के साथ भी खूब जमी है। दोनों का हिट गाना ‘आज कल तेरे मेरे प्यार चर्चे’ को आज भी याद किया जाता है। दोनों ने साथ में ‘ब्रह्माचरी’, ‘राम तेरे कितने नाम’, ‘ठोकर’ और ‘वल्लाह क्या बात है’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। फिल्मों के साथ दोनों एक्टर्स के प्यार के चर्चे खूब रहे हैं। लेकिन, इनका प्यार मुकम्मल नहीं हो पाया था। ऐसे में अब एक्ट्रेस ने सालों के बाद इसकी वजह के बारे में बात की है। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कहा।

दरअसल, मुमताज ने हाल ही में रेडिफ से बात की थी। इस दौरान उन्होंने राजेश खन्ना के करियर के डाउनफॉल से लेकर शम्मी कपूर संग अपने रिश्ते और शादी को लेकर बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने क्यों उनसे शादी नहीं की। शम्मी कपूर और मुमताज की पहली मुलाकात फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ के सेट पर हुई थी और इस दौरान ही इनका प्यार परवान चढ़ा था। बॉलीवुड एक्टर ने बिना देरी किए उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। मुमताज ने बताया कि वो इस दौरान 17 साल की थीं। उनके सामने पूरा करियर पड़ा था लेकिन, फिर भी वो उनसे शादी के लिए तैयार थीं। मगर एक शर्त ने मुमताज को शादी के लिए रोक दिया और उन्होंने रिश्ते को ठुकरा दिया।

शम्मी कपूर ने रखी थी ये शर्त

मुमताज का मानना है कि जितना प्यार शम्मी कपूर उन्हें दे सकते हैं, उतना शायद ही कोई दे पाए। बावजूद इसके एक्ट्रेस ने रिश्ता खत्म कर दिया। उन्होंने इसके पीछे की वजह के बारे में बताया कि शम्मी कपूर नहीं चाहते थे कि मुमताज शादी के बाद फिल्मों में काम करें। वो एक्टिंग को छुड़वाना चाहते थे। वो कहती हैं कि उस वक्त कपूर खानदान में बहुओं के फिल्में करने पर पाबंदी हुआ करती थी। इसलिए शम्मी भी चाहते थे कि वो अपना एक्टिंग करियर छोड़ दें। उन्हें अपने परिवार की इच्छाओं का सम्मान करना था और एक्ट्रेस को अपने करियर का।

इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने बताया कि वो आज भी उन्हें याद कर रो पड़ती हैं। उन्होंने कभी एक्टर को भुलाया ही नहीं। मुमताज ने कहा कि ये सिर्फ लव अफेयर ही नहीं था। वो दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे।

जब रिलेशनशिप पर बोले थे शम्मी कपूर

आपको बता दें कि मुमताज संग अपने रिश्ते पर शम्मी कपूर भी बोल चुके हैं। उन्होंने एक बार एक्ट्रेस संग रोमांस को बुरा सपना बताया था। एक्टर ने कहा था कि उस समय उनकी पत्नी का निधन हो गया था और मुमताज एक बहुत ही सुंदर और काफी यंग लड़की थीं। थोड़ी देर के लिए दोनों ने सपने देखे और फिर वो बुरा सपना बन गए। अंत में दिवंगत एक्टर ने ये भी कहा था कि वो आज जैसे भी हैं खुश हैं। बहरहाल, आज शम्मी कपूर हमारे बीच नहीं हैं। वो इस दुनिया को छोड़कर जा चुके हैं। उनका 2011 में निधन हो गया था।