बॉलीवुड में ऐसे कई चेहरे रहे हैं, जो पहली फिल्म से रातोंरात पॉपुलर हुए लेकिन बाद में गायब हो गए। इसमें कोई शादी करके सेट हो गया तो किसी का करियर नहीं चला तो वो डिप्रेशन में चला गया। इसी कड़ी में आपको उस एक्ट्रेस के बारे में बता रहे हैं, जो 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘कलयुग’ में नजर आई थीं। वो कोई और नहीं बल्कि अभिनेत्री स्माइली सूरी थीं। इस फिल्म में वो कुणाल खेमू के साथ नजर आई थीं। इसमें दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद स्माइली गिनी चुनी फिल्मों में नजर आईं और बाद में गायब हो गईं। वहीं, कुणाल आज भी काम कर रहे हैं। ऐसे में चलिए आपको एक्ट्रेस के बारे में बताते हैं कि वो आजकल कहां हैं।

स्माइली सूरी ने अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। अभिनेत्री का करियर बर्बाद हो गया और शादी तक टूट गई। इसके बाद वो डिप्रेशन में चली गईं। लेकिन स्माइली ने खुद को संभाला और आज वो खुशहाल जिंदगी जी रही हैं। स्माइली बॉलीवुड के नामी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वो रिश्ते में महेश भट्ट की भांजी लगती हैं। इस रिश्ते से वो पूजा भट्ट, आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट के साथ-साथ इमरान हाशमी की भी बहन लगती हैं।

पूजा भट्ट ने बहन को फिल्म से निकाला तो बनी नेगेटिव छवि!

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो स्माइली सूरी के बारे में कहा जाता है कि पहले उन्हें कजिन सिस्टर पूजा भट्ट फिल्म ‘हॉलिडे’ से लॉन्च करने वाली थीं। इसमें वो डिनो मोरिया के साथ नजर आतीं। लेकिन, जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तो पूजा को स्माइली इस रोल के लिए परफेक्ट नहीं लगीं और उन्होंने अचानक से उन्हें इस प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया। इससे वो काफी दुखी हो गई थीं और उनकी सारी मेहनत बर्बाद हो गई थी। इसके चलते स्माइली के बारे में नेगेटिव बातें होने लगी थीं।

फिर मोहित सूरी ने किया लॉन्च

जब पूजा भट्ट ने स्माइली सूरी को फिल्म से बाहर कर दिया तो मोहित सूरी ने उन्हें लॉन्च करने का फैसला किया। मोहित सूरी के डायरेक्शन में फिल्म ‘कलयुग’ का निर्माण किया गया था। इससे उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में काम करने से एक्ट्रेस को नुकसान हुआ। इसका असर ये हुआ कि उन्हें ऐसे ही रोल मिलने लगे। इसके बाद वो उन्होंने 3-4 फिल्मों में छोटी भूमिकाएं निभाईं और फिर अचानक से गायब हो गईं।

शादी और फिर तलाक का झेला दर्द

जहां स्माइली की प्रोफेशनल लाइफ कुछ खास नहीं रही वहीं, उन्होंने निजी जिंदगी में भी काफी उतार-चढ़ाव देखे। स्क्रीन से दूरी बनाने के बाद एक्ट्रेस की मुलाकात डांस टीचर विनीत से हुई। दोनों को प्यार हुआ और कुछ समय डेट करने के बाद उन्होंने शादी कर ली। लेकिन, उनकी ये शादी लंबे समय तक नहीं चल पाई और स्माइली का साल 2016 में तलाक हो गया। इस रिश्ते के टूटने का एक्ट्रेस पर बुरा असर पड़ा। वो डिप्रेशन का शिकार होने लगीं। उनकी पर्सनल लाइफ बर्बाद हो चुकी थी। इस दौरान गम से उबरने के लिए एक्ट्रेस ने डांस का सहारा लिया।

क्या कर रहीं स्माइली सूरी?

अब स्माइली सूरी पोल डांस करती हैं। सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियोज में एक्ट्रेस को पोल डांस करते हुए देखा जा सकता है। स्माइली अब खुद का डांस स्टूडियो भी चलाती हैं। इसका नाम पोल्स स्टार इंडिया है। इसके साथ ही पिछले महीने एक्ट्रेस के कमबैक की चर्चा खूब रही है। वो फिल्म ‘हाउस ऑफ लाइज’ में नजर आईं। इसमें संजय कपूर लीड रोल में हैं।