90 के दशक में गोविंदा (Govinda) फिल्म इंडस्ट्री के उन स्टार्स की लिस्ट में शुमार थे, जो फिल्मों के हिट की गारंटी लेकर चलते थे। गुजरे जमाने में गोविंदा की फैन फॉलोइंग कुछ ऐसी रही है कि लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार करते थे। थिएटर में जब गोविंदा की फिल्म चलती थी तो उनके साथ फैंस भी थिएटर में नाचते थे। उनकी एक्टिंग और डांस के लोग दीवाने रहे हैं। अपने चहेते स्टार की झलक पाने के लिए फैंस आज भी इंतजार करते हैं। ऐसे में अब गोविंदा की पत्नी ने उनके स्टारडम और एक हीरो की पत्नी होने को लेकर बात की है। उन्होंने बताया कि आलम ये था कि लड़कियां गोविंदा को देखकर बेहोश हो जाया करती थीं। इसे देखकर वो शॉक्ड रह गई थीं। चलिए बताते हैं सुनीता आहूजा ने क्या कुछ कहा।
दरअसल, सुनीता आहूजा हाल ही में ‘टाइमआउट विद अंकित’ के पॉडकास्ट में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने गोविंदा के साथ अपनी लव स्टोरी से लेकर उनके उतार-चढ़ावे, स्टारडम और एक हीरो की पत्नी होने को लेकर बात की। उन्होंने इनसिक्योरिटी को लेकर इस इंटरव्यू में बताया, ‘अगर आप एक हीरो की पत्नी बनते हो तो आपको अपने दिल पर बड़ा सा पत्थर रखना पड़ेगा या फिर आप हीरो से शादी ही ना करो। मुझे नहीं फर्क पड़ता है। अपने आपमें इतना आत्मविश्वास रखना होता है। सामने वाला आदमी ही है, आप ऐसा नहीं बोल सकते हैं कि कोई गाय ही है आदमी। होता होगा कोई पर ठीक है ना घूम-फिर के रात को घर ही आ जाता है ना।’
क्यों छुपाकर रखी थी शादी?
इसी इंटरव्यू के दौरान सुनीता ने गोविंदा के साथ शादी को लेकर भी बात की। उन्होंने उस वजह के बारे में भी बताया कि आखिर क्यों उन्होंने अपनी शादी एक साल तक छुपाकर रखी थी। सुनीता बताती हैं, ‘उस टाइम पर था ना कि अगर आप बता दोगे तो आपका स्टारडम खत्म हो जाता है। हीरो का ये हो जाता है वो जाता है। दुनिया भर का ताम-झाम था तो नहीं बताया। भाड़ में जाए नहीं बताया तो नहीं बताया शादी तो हो ही गया था। फिर जब बेटी टीना 11 महीने की हुई तो सबको बताना ही पड़ा। उस समय शायद ट्रेंड ही था ये सब। पर पता नहीं क्या था। उस समय था कि लड़कियों का फैन फॉलोइंग खत्म हो जाएगा। हीरोइज्म चला जाएगा। मुझे नहीं पता यहां पर क्या थैरेपीज चलती थी।’