बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार (Dilip Kumar) अपने जमाने के चहेते और पॉपुलर एक्टर्स में से एक रहे हैं। आज वो भले ही इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन एक समय पर अपनी एक्टिंग और लुक की वजह से पर्दे पर राज किया करते थे। उनके साथ काम करने के लिए मेकर्स और एक्ट्रेसेस की लाइनें लगती थी। दिलीप साहब को दुनिया छोड़े हुए 3 साल हो गए हैं। उन्होंने साल 2021 में आज ही के दिन अपनी अंतिम सांस ली थी। ऐसे में दिलीप साहब की डेथ एनीवर्सरी के मौके पर आपको सायरा बानो और उनकी लव स्टोरी के बारे में बता रहे हैं। एक्ट्रेस ने खुद इसके बारे में बताया था।
दरअसल, दिलीप साहब की पुण्यतिथि के मौके पर सायरा बानो ने दैनिक भास्कर के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दिलीप साहब के बारे में कई दिलचस्प बातें बताई। साथ ही ये भी बताया कि एक्टर काफी डाउन टू अर्थ थे। वो फिल्म के क्रू मेंबर्स की प्लेट तक में खाना खा लिया करते थे। इतना ही नहीं, दिलीप साहब कभी भी 5 स्टार होटल में नहीं बल्कि गेस्ट हाउस में रुका करते थे। वो काफी मिलनसार थे। उनकी एक फोन कॉल पर तो राज कपूर भी दौड़े चले आते थे। इंडस्ट्री के सभी एक्टर्स के साथ उनके रिश्ते अच्छे थे और सभी से मिलने के लिए वो अक्सर गेट टू गेदर ऑर्गेनाइज करते थे। इसी बीच सायरा बानो ने अपनी और दिलीप की लव स्टोरी के बारे में भी बताया। उन्होंने एक्टर को 12 साल की उम्र में देखा था।
पहली बार देखा तो मन में आया कैसा ख्याल?
इंटरव्यू के दौरान सायरा बानो से दिलीप कुमार से उनकी पहली मुलाकात को लेकर सवाल किया गया था कि जब उन्होंने दिलीप साहब को पहली बार देखा था तो उन्हें देखने के बाद उनके मन में पहला ख्याल क्या आया था? इस पर सायरा बानो ने बताया कि जब वो 12-13 साल की थीं तो उन्हें पहली बार देखा था। एक्टर को पहली बार देखते ही सायरा बानो ने अपनी मां से कहा था कि जब वो बड़ी हो जाएंगी तो उन्हीं से शादी करेंगी। सायरा बताती हैं कि दिलीप जब सफेद कुर्ते पजामे में हाथ फोल्ड करके निकलते थे तो ऐसा लगता था कि इंसान नहीं फरिश्ता आ रहा हो।
खुद को लकी मानती हैं सायरा बानो
इतना ही नहीं, सायरा खुद को लकी मानती हैं कि वो दिलीप कुमार से शादी कर पाईं। उनका कहना है कि उन दिनों देश में तमाम खूबसूरत लड़कियां थीं, जो एक्टर पर मर-मिटने को तैयार थीं। एक्ट्रेस ने उनकी खूबसूरती को लेकर भी कहा कि लोग दिलीप साहब को देश के सबसे सुंदर एक्टर्स में से एक मानते थे। सायरा कहती हैं कि उन्होंने पूरी दुनिया देखी है। एक से बढ़कर गुड लुकिंग वाले लोग देखे हैं लेकिन, उन्हें उनके साहब से बेहतर कोई नहीं लगा है। उन्हें सायरा भारत ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे खूबसूरत इंसान बताती हैं। सायरा ये भी बताती हैं कि दिलीप देखने में संजीदा थे लेकिन अंदर से काफी नटखट थे। वो सायरा के साथ अक्सर प्रैंक किया करते थे। वो उन्हें भूत के नाम से डराते थे।