सिनेमा जगत में ऐसे कई अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया और अपनी अदायगी के साथ-साथ लुक्स से दर्शकों के दिलों पर राज करते थे। आलम ये था कि लड़कियां इस कदर पागल थीं कि उनकी चाहत में जान देने के लिए तैयार रहती थीं। इसी में से एक अभिनेता देवा आनंद थे। उनके काले कपड़े पहनने पर रोक लगा दिया गया था ताकि लड़कियों को छत से गिरने से रोका जा सके। उन पर काला कोट पहनने का रोक था। लेकिन, क्या आपको पता है कि जहां देव आनंद के प्यार में लोग दीवाने थे वहीं, वो किसके दीवाने थे? चलिए बताते हैं उनकी इस प्रेम कहानी के बारे में, जो कभी पूरी नहीं हुई।
दरअसल, देव आनंद की आज 111वीं बर्थ एनीवर्सरी है। उनका जन्म 26 सितंबर, 1923 को हुआ था। जहां लोग उनके दीवाने थे। वहीं, एक्टर खुद जीनत अमान के दीवाने थे। एक्ट्रेस के लिए उनके दिल में चाहत थी। उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में लाने वाले भी देव आनंद ही थे। साल 1971 में फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से जीनत अमान ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसमें उन्होंने देव आनंद की बहन का रोल प्ले किया था। इसमें उनका बिंदास अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था। इससे वो छा गई थीं। वहीं, उनके इस अंदाज से खुद एक्टर भी काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने खुद अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘रोमांसिंग विद लाइफ’ में अपने दिल की बात लिखी है।
देव आनंद को हुआ प्यार का एहसास
देव आनंद ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में अपनी चाहत के बारे में लिखा है कि जब वो जीनत अमान से पहली बार एक पार्टी में मिले थे तो उन्होंने तभी फैसला कर लिया था कि फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ में जेनिस के रोल में कास्ट करेंगे। जीनत के साथ एक्टर के लिंकअप की खबरें भी खूब छपने लगी थीं। उन्होंने अपनी किताब में बताया कि जब भी उनके लिंकअप की चर्चा होती थी तो उन्हें अच्छा लगता था। दोनों ही एक-दूसरे से इमोशनली जुड़ गए थे। देव आनंद ने इस किताब में बताया कि उन्हें एक दिन एहसास हो गया था कि उन्हें जीनत अमान से प्यार हो गया है। वो उनसे अपने दिल की बात कहना चाहते थे। सब प्लान भी बना लिया था। एक्टर उन्हें ताज होटल में प्रपोज करना चाहते थे। यहां उन्होंने एक टेबल भी बुक कराई थी। लेकिन, सब किए कराए पर पानी फिर गया था। वो कैसे आगे बताते हैं…
राज कपूर की वजह से बिगड़ गई बात
प्रपोज वाले किस्से के बारे में देव आनंद ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में लिखा है कि होटल से पहले उन्हें जीनत के साथ एक पार्टी में जाना था। वहां जब वो गए तो वहां सबसे पहले वेलकम राज कपूर ने किया। उस समय एक्टर ने काफी ड्रिंक की हुई थी। जीनत झुककर उनके पैर छूने की कोशिश करती हैं। इस बीच उन्हें लग गया कि दोनों के बीच कुछ ज्यादा ही नजदीकियां हैं। एक्टर उस बात का भी जिक्र अपनी किताब में करते हैं, जो उस समय राज कपूर ने जीनत से कहा था। उन्होंने कहा था, ‘तुमने हमेशा व्हाइट कपड़े पहनने का अपना वादा नहीं निभाया।’
पहले वाली जीनत नहीं रही- देव आनंद
इसके साथ ही देव आनंद ने किताब में लिखा कि इसके बाद से उनके लिए जीनत पहले वाली नहीं रह गई थीं। उन्होंने एक्ट्रेस को इन्जॉय करने के लिए कहा और वहां से चले गए। फिर जीनत उनसे कहीं और जाने के प्लान के बारे में पूछा था तो देव आनंद ने जवाब दिया था कि कोई बात नहीं और फिर वहां से चले गए। इस तरह से एक्टर ने कभी उनसे अपने दिल की बात नहीं कही और उनकी ये एक तरफा प्रेम कहानी अधूरी रह गई।
