CineGram: अंजू महेंद्रू एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं, जो कई फिल्मों और टीवी सीरियल में काम कर चुकी हैं। अपने काम के अलावा वो जिस चीज को लेकर चर्चा में रहीं, वो है उनकी लव लाइफ। अंजू महेंद्रू, राजेश खन्ना से प्यार करती थीं और राजेश खन्ना भी उनके प्यार में दिवाने थे। इतना ही नहीं कहा जाता है कि अंजू को जलाने के लिए ही राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। भले ही दोनों ने एक दूसरे से शादी नहीं की थी, मगर राजेश खन्ना के अंतिम दिनों में अंजू ही उनके साथ थीं और उनका ख्याल रख रही थीं।
जब लड़कियां राजेश खन्ना को खून से खत लिखा करती थीं, तब राजेश खन्ना, अंजू महेंद्रू से प्यार कर बैठे थे। दोनों 1962 से लेकर 1972 तक लिव इन रिलेशन में भी रहे। मगर दोनों का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच पाया, इसके कई कारण थे। अंजू की मानें तो राजेश खन्ना पुराने विचारों के थे और उनकी पसंद-नापसंद को लेकर दोनों में काफी अनबन हुआ करती थी। दोनों का अफेयर हर तरफ हॉट टॉपिक हुआ करता था, मगर जब वो अलग हुए तो खूब हंगामा हुआ।
साल 1973 में अंजू महेंद्रू ने स्टारडस्ट को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने बताया कि राजेश खन्ना डॉमिनेटिंग हैं। वो चाहते थे कि उनकी फैंस और बाकी लड़कियों की तरह अंजू भी उनके पैरों में गिर जाएं। उन्होंने अपने इंटरव्यू में कहा था,”मैं उनसे प्यार करती थी, लेकिन चापलूसी नहीं कर सकती थी। उनकी एक फिल्म फ्लॉप क्या हुई, वो झल्ला गए थे। वे बहुत ज्यादा मूडी किस्म के आदमी थे मैं उनके पैरों में नहीं गिर सकती थी। वह मेरे लिए जतिन या जस्टिन थे। मैंने जिससे प्यार किया वह राजेश खन्ना या कोई सुपरस्टार नहीं थे।”
राजेश खन्ना से नाराज होकर क्रिकेटर से कर ली थी सगाई
राजेश खन्ना के साथ लड़ाई झगड़े के बाद अंजू महेंद्रू ने गुस्से में सगाई कर ली थी। उनकी लाइफ में क्रिकेटर गैरी सोबर्स की एंट्री हो गई थी, दोनों के अफेयर की खबरें मैगजीन में छपने लगी थी। एक दिन गैरी ने अंगूठी देकर अंजू को शादी के लिए प्रपोज किया और बिना देरी किए अंजू ने हां कर दी। मगर बाद में उन्हें एहसास हुआ कि वो राजेश खन्ना से ही प्यार करती थीं। उधर राजेश खन्ना को जब उनकी सगाई की बात पता चली तो वो पूरी तरह टूट गए।
इसके बारे में खुलासा करते हुए अंजू महेंद्रू ने बताया था कि उनकी और राजेश खन्ना की अनबन चल रही थी और गुस्से में उन्होंने गैरी से अफेयर कर लिया। ऐसा नहीं था कि गैरी उन्हें पसंद नहीं थे, मगर एक दिन वो राजेश खन्ना के घर पर उनके साथ थीं और वहीं से उन्होंने गैरी को फोन लगाया और सगाई तोड़ दी।
दिवानों की तरह चाहने लगे थे राजेश खन्ना
अंजू ने बताया था कि गैरी के साथ सगाई करने और तोड़ने के बाद राजेश खन्ना उन्हें लेकर बहुत पजेसिव हो गए थे। वह अंजू पर शक करने लगे थे और इस बात के बारे में बताते हुए अंजू ने कहा था, “वो इतना ज्यादा शक करने लगा था कि मेरे घर पर फोन करके ये पूछता रहता था कि मैं कहां पर हूं…वो बस ये चाहता था कि मैं हमेशा उसका इंतजार करती रहूं।”
इतना ही नहीं उनका ये भी कहना था कि राजेश खन्ना नहीं चाहते थे कि वो काम करें, जिसके कारण उनके हाथों से कई प्रोजेक्ट निकले। अंजू ने कहा था कि अगर वो स्कर्ट भी पहनी थीं तो राजेश खन्ना को इससे दिक्कत होती थी और अगर वो साड़ी पहनती थीं तो उन्हें कहा जाता था ‘ये क्या भारतीय नारी का लुक बनाया हुआ है।’
अंजू के घर के सामने से बारात लेकर निकले थे राजेश खन्ना
अंजू के साथ जब राजेश खन्ना का रिश्ता टूटा तो उनकी लाइफ में डिंपल कपाड़िया की एंट्री हुई। दोनों ने शादी की लेकिन उनकी शादी भी ज्यादा साल नहीं टिक पाई। बताया जाता है कि अंजू को बुरा लगे, इसके लिए राजेश खन्ना अपनी बारात भी उनके घर के सामने से लेकर गए थे।
राजेश खन्ना के आखिरी वक्त में अंजू ने ही दिया उनका साथ
राजेश खन्ना के निधन के बाद महेश भट्ट ने उन्हें लेकर खुलासा किया था और बताया था कि अंजू महेंद्रू ने राजेश खन्ना के आखिरी वक्त में साथ दिया था। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में महेश भट्ट ने कहा था कि जैसे ही उन्हें राजेश खन्ना के निधन के बारे में पता चला था उस वक्त उनके मन में बस अंजू का ख्याल आया था। उन्हें पता था कि उस वक्त सबसे ज्यादा दुखी वो ही होंगी। भट्ट ने ये भी बताया था कि राजेश खन्ना के जीवन के आखिरी कुछ सालों में अंजू उनके साथ थीं। वो उनके खाने-पीने से लेकर उनकी दवा का ध्यान रख रही थीं। इतना ही नहीं भट्ट की मानें तो आखिरी सांस लेते वक्त भी राजेश खन्ना ने अंजू का हाथ थामा हुआ था। मुमताज ने भी इस बात की पुष्टी की थी।
बता दें कि अंजू महेंद्री फैशन डिजाइनर थीं, फिर बतौर मॉडल अपना करियर शुरू किया था और फिर वो एक्टिंग लाइन में आईं। राजेश खन्ना के साथ उनकी मुलाकात स्ट्रगल के दिनों में हुई थी, मगर उस वक्त काका इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुके थे। अंजू ने साल 1966 में फिल्म ‘उसकी कहानी’ से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। फिल्मों के साथ साथ टेलीविजन में भी खूब काम किया है। दूरदर्शन के ‘स्वाभिमान’ सीरियल से उन्हें खूब पहचान मिली थी।