फिल्म इंडस्ट्री बाहर से जितनी चकाचौंध वाली नजर आती है, इसके अंदर उतना ही अंधेरा भी है। आम इंसान बड़े पर्दे पर दिखने वाले हर एक्टर को हीरो मानने लगता है, लेकिन ऐसा होता नहीं। कई बार जो दिखता है वो होता नहीं है। ऐसा ही फिल्म ‘पुष्पा’ में केशव का किरदार करने वाले एक्टर जगदीश प्रताप बंडारी के साथ भी है। जी हां! जगदीश पर आरोप था कि उसके कारण एक महिला जूनियर आर्टिस्ट ने आत्महत्या की थी।

फिल्म ‘पुष्पा’ में अल्लू अर्जुन के साथ नजर आने वाले कलाकार जगदीश प्रताप बंडारी पर महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लग चुका है। साल 2023 में जगदीश को पुलिस ने जूनियर एक्ट्रेस की पर्सनल फोटो लीक करने और ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में जगदीश को बेल पर छोड़ दिया गया था और जिसके बाद जगदीश ने ‘पुष्पा 3’ की शूटिंग की।

महिला ने 29 नवंबर 2023 को आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और जो सबूत सामने आए वो सब जगदीश के खिलाफ थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, जिसमें जगदीश पर महिला को ब्लैकमेल करने और आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया था।

जगदीश पर आरोप है कि उसने महिला की किसी शख्स के साथ आपत्तिजनक स्थिति में तस्वीरें क्लिक की थी। इसके बाद वो महिला की तस्वीरों को लीक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इससे तंग आकर महिला ने खुदकुशी कर ली थी। पुलिस की पूछताछ में जगदीश ने कबूल किया था कि वो महिला को ब्लैकमेल कर रहा था।

रिपोर्ट्स में ये भी बताया गया कि जिस महिला ने आत्महत्या की थी, जगदीश लंबे समय से उसके साथ लिव-इन में रह रहा था। महिला 27 नवंबर को किसी अन्य आदमी के साथ थी और तभी जगदीश ने दोनों का वीडियो बना लिया था। वो उसे ब्लैकमेल कर रहा था और दो दिन बाद ही महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला की मौत के बाद जगदीश फरार हो गया था पुलिस ने उसे 5 दिसंबर को गिरफ्तार किया था।