CineGram: बॉलीवुड की गुमनाम गलियों में एक चेहरा ऐसा खोया, जिसका आज तक पता नहीं चल पाया। न वो सही सलामत घर लौटा और न ही उसकी कोई खबर आई। घर से तो दोस्तों और प्रेमिका के साथ न्यू ईयर मनाने निकला था, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटा है। उसके बूढ़े मां-बाप अपने लापता बेटे की आज भी राह देख रहे हैं। हम बात कर रहे हैं ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ एक्टर विशाल ठक्कर की। जिसके घरवाले अब उनके आने की आस छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।

विशाल ठक्कर ने साल 2001 में आई तब्बू की फिल्म ‘चांदनी बार’ में पहली बार काम किया था। इसके बाद उन्होंने ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में उस लड़के का किरदार निभाया, जो गर्लफ्रेंड छोड़ जाने से इतना दुखी हो जाता है कि सुसाइड करने की कोशिश करता है। फिर मुन्ना भाई यानी संजय दत्त उसे समझाते हैं और वो इससे सबक लेता है। काश विशाल की रियल लाइफ में भी कोई मुन्ना भाई होता जो उसे सबक सिखा  पाते।

इस फिल्म के बाद उन्होंने Tango Charlie में नजर आए। विशाल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘किस देश में है मेरा दिल’ समेत कई टीवी सीरियल में भी नजर आ चुके हैं। उनका एक्टिंग अच्छा चल रहा था तभी कुछ ऐसा हुआ जिससे वह दुखी रहने लगे और एक दिन गायब हो गए।

गर्लफ्रेंड के कारण हुए थे दुखी

विशाल अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिवइन में रहा करते थे। विशाल की मां के मुताबिक लड़की काफी गुस्सैल थी और दोनों के बीच झगड़े हुआ करते थे। एक बार लड़ाई इतनी बढ़ गई थी कि उनकी गर्लफ्रेंड ने पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी थी। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर के ले गई थी। हालांकि बाद में उस लड़की ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी, लेकिन विशाल काफी आहत हो चुके थे। उन्हें अपनी इमेज खराब होने का बड़ा झटका लगा था।

विशाल के घरवालों के मुताबिक वह डिप्रेशन में चले गए थे और किसी से मिलना जुलना पसंद नहीं करते थे। उनकी गर्लफ्रेंड लाइफ में वापस आ चुकी थी, लेकिन वह पूरी तरह ठीक नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद साल 2015 में न्यू ईयर की रात विशाल ने अपने दोस्तों और गर्लफ्रेंड के साथ नया साल मनाया। बताया जाता है कि विशाल अपनी मां से 500 रुपये लेकर निकले थे।

फेसबुक पर किया था पोस्ट

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विशाल ने नए साल पर राज 12:10 मिनट पर फेसबुक पर पोस्ट शेयर कर सबको बधाई दी और 1 बजे अपने पिता को मैसेज किया कि उन्हें देर हो गई है, वो अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे हैं। इसके बाद अलगी सुबह वह अपनी गर्लफ्रेंड से ये बोलकर निकले कि वो शूटिंग पर जा रहे हैं। विशाल को आखिरी बार 1 जनवरी 2016 को दिन के पौने बाहर बजे गोडबंदर इलाके में ऑटो लेते हुए देखा गया था।

फिर नहीं मिली विशाल की खबर

विशाल इसके बाद न घर लौटे और न ही उनकी कोई खबर मिली। 6 जनवरी 2016 को उनके माता-पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी और प्रेमिका पर उसे गायब करने का शक जताया था। हालांकि पुलिस की पूछताछ में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे उनकी प्रेमिका शक के दायरे में आए।

दो साल बाद हुई प्रेमिका की मौत

विशाल का कुछ पता नहीं चला और दो साल बाद उनकी गर्लफ्रेंड भी अपने घर में मृत पाई गई। पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया था, जिसमें सामने आया था कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई।

विशाल का आजतक कुछ पता नहीं चल पाया है, उन्हें लेकर बस अलग-अलग तरह के कयास लगाए जाते हैं। कोई कहता है कि विशाल न्यू ईयर पार्टी में गए थे हो सकता है कि वहां किसी से उनका झगड़ा हुआ हो और उसने उनका मर्डर कर दिया हो। कोई कहता है विशाल डिप्रेशन में थे और हो सकता है उन्होंने कोई गलत कदम उठा लिया हो। वहीं ये भी कहा जाता है कि विशाल कही दूर जाकर सब त्याग कर अपनी लाइफ शांति से जी रहे हैं। सच क्या है किसी को नहीं पता, लेकिन उनके मां बाप आज भी उनके इंतजार में पलके बिछाए बैठे हैं।