जीना और मरना जीवन का दस्तूर है, लेकिन कुछ लोग अचानक दुनिया से चले जाते हैं और उनके जाने के बाद भी लोग उनकी यादों के साथ जीते हैं। ऐसी ही कुछ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्रियां भी रहीं, जिनकी अचानक मौत हो गई, लेकिन उनके फैंस आज भी उन्हें भूल नहीं पाए। इनमें मीना कुमारी से लेकर श्रीदेवी, दिव्या भारती, परवीन बॉबी समेत अन्य एक्ट्रेसेस शामिल हैं।
मीना कुमारी
मीना कुमारी की मौत 31 मार्च 1972 में हुई थी। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करना शुरू किया था और इंडस्ट्री में 33 साल पूरे करने के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी मौत के पीछे का कारण उनकी बीमारी थी। बताया जाता है कि उन्हें शराब की लत लग चुकी थी, जिससे उनके लिवर में दिक्कत होने लगी थी और इससे ही उनकी मौत हो गई।
मधुबाला
मधुबाला को शुरुआत से ही दिल की बीमारी थी। मधुबाला ने फिल्मों में एक्टिंग करने से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखना चाहती थीं, लेकिन उनकी बीमारी ने ऐसा नहीं होने दिया। रिपोर्ट्स की मानें तो मधुबाला करीब 9 सालों तक बीमारी के कारण बेड पर थीं। जिस वक्त उनकी मौत हुई तब उनकी उम्र महज 36 साल थी।
प्रिया राजवंश
प्रिया राजवंश को लेकर कहा जाता है कि उनका मर्डर हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार प्रिया, चेतन आनंद के साथ लिव इन में रहती थीं। चेतन पहले से ही शादीशुदा थे, लेकिन उनका अपनी पत्नी के साथ रिश्ता सही नहीं था। बताया जाता है कि चेतन ने अपनी संपत्ति का एक हिस्सा प्रिया के नाम कर दिया था, जिसके बाद उनके दोनों बेटों ने मिलकर प्रिया की हत्या कर दी थी।
स्मिता पाटिल
स्मिता पाटिल और राज बब्बर ने एक दूसरे से शादी की थी और उनके बेटे प्रतीक बब्बर इस वक्त के जाने माने एक्टर हैं। प्रतीक के जन्म के बाद स्मिता बीमार रहने लगी थीं और दो हफ्ते में ही उनकी मौत हो गई थी, उस वक्त स्मिता की उम्र महज 31 साल थी।
सिल्क स्मिता
सिल्क स्मिता साउथ की जानी मानी अदाकारा थीं। बताया जाता है कि वह अपने ससुराल वालों से परेशान थीं और एक दिन उनका शव उनके घर पर पड़ा मिला था। इसे आत्महत्या बताया गया था और कहा जाता है कि सिल्क की बॉडी में अल्कोहल की भारी मात्रा पाई गई थी।
परवीन बॉबी
परवीन बॉबी की मौत साल 2005 में हुई थी और उन दिनों वह बाहरी दुनिया से जुदा हो चुकी थीं। उनका शव उनके फ्लैट में सड़ने की हालत में मिला था। बताया जाता है कि परवीन का शव मौत के तीन दिन बाद तक घर में पड़ा था और इसकी किसी को जानकारी नहीं थी।
श्रीदेवी
श्रीदेवी का निधन साल 2018 में दुबई में हुआ था। उनका शव होटल के बाथटब में पड़ा मिला था। उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया था, वहीं दूसरी तरफ ये भी कहा जा रहा था कि बाथटब में दम घुटने से उनकी मौत हुई है। आज तक उनकी मौत की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है।
दिव्या भारती
दिव्या भारती महज 19 साल की थीं, जब बिल्डिंग से गिरने से उनकी मौत हो गई थी। उनकी मौत का कारण आज तक पता नहीं चल पाया है। कहा जाता है कि वह नशे में थीं और उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गिर गईं और उनकी मौत हो गई। वहीं कुछ लोग इसे सोची समझी साजिश भी बताते हैं।