CineCrime: वैसे तो लोग फिल्में मनोरंजन के लिए देखते हैं, लेकिन कई बार फिल्मों का हमारे जीवन पर गंभीर असर पड़ता है। ऐसा ही कुछ हुआ था कमल हासन की इस फिल्म के साथ, जब लोग इसे देखकर खुदकुशी करने लगे थे। हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ की , जो 5 जून 1981 में रिलीज हुई थी। इसका क्लाइमैक्स देख कई प्रेमी जोड़ों ने आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद इसमें कुछ बदलाव करने पड़े थे।
ये फिल्म कमल हासन और रति अग्निहोत्री के करियर की बेस्ट फिल्मों में से एक रही है। जिसने इस फिल्म को देखा वो इसे भूल नहीं पाया। इस फिल्म से इसके मेकर्स को भी खास उम्मीद नहीं थी। फिल्म का ये हाल था कि इसके लिए कोई डिस्ट्रीब्यूटर भी नहीं मिल रहा था। जिसके बाद फिल्म के प्रोड्यूसर ने खुद इसका डिस्ट्रीब्यूशन किया। मेकर्स को लगता था कि ये फिल्म फ्लॉप रहेगी, इसलिए इसके कुछ प्रिंट्स पहले रिलीज किए गए, लेकिन इसमें दिखाई गई लव स्टोरी इतनी पसंद की गई कि मेकर्स को ताबड़तोड़ फायदा हुआ।
10 लाख में बनी और कमाये 10 करोड़
बताया जाता है कि ये फिल्म 10 लाख के बजट में बनाकर तैयार की गई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ से भी ज्यादा कमा लिए थे। केवल फिल्म ही हिट नहीं हुई, इस फिल्म से कमल हासन और रति अग्निहोत्री भी रातों रात स्टार बन गए।
प्यार के आत्महत्या करने पर उतरा प्रेमी जोड़ा
फिल्म में ऐसे प्रेमियों की कहानी को दिखाया गया था, जिनका परिवार उनके प्यार के खिलाफ था। क्लाइमैक्स में ये जोड़ा पहाड़ से कूदकर अपनी जान दे देता है, और ये देख दर्शकों में से कई प्रेमी जोड़े इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने भी आत्महत्या करना शुरू कर दिया।
देशभर में कई कपल्स ने सुसाइड किया था, जिसके बाद मेकर्स को आदेश मिला कि उन्हें ये सब रोकने के लिए फिल्म में कुछ बदलाव करने होंगे। इसके बाद फिल्म के डायरेक्टर बालाचंदर ने क्लाइमैक्स को बदल दिया, लेकिन फिर दर्शक नहीं मानें। उन्हें इसका रियल क्लाइमैक्स देखना था और फिर ऐसा ही किया गया। बता दें कि इस फिल्म ने तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड्स और एक नेशनल अवॉर्ड जीता।