Chhaava Trailer OUT: विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘छावा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। लक्ष्मण उटेकर द्वारा निर्देशित फिल्म छावा का ट्रेलर बुधवार को मुंबई में जारी किया गया। फिल्म के ट्रेलर में विक्की को निडर मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज के रूप में दिखाया गया है, जिन्होंने मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की मृत्यु के बाद गद्दी संभाली थी। ट्रेलर में उन्हें औरंगजेब द्वारा शासित मुगलों के खिलाफ युद्ध छेड़ते हुए दिखाया गया है, जो शिवाजी की मृत्यु के बाद दक्कन क्षेत्र पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रहे थे। छावा का मतलब शेर का बच्चा होता है।
लक्ष्मण उटेकर ने मिमी, जरा हटके जरा बचके और लुका छुपी जैसी फिल्में बनाई हैं। पहली बार वो पीरियड ड्रामा फिल्म बना रहे हैं। फिल्म में विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं और रश्मिका उनकी पत्नी महारानी येसुबाई की भूमिका निभा रही हैं। छत्रपति संभाजी महाराज दूसरे मराठा सम्राट और छत्रपति शिवाजी महाराज के सबसे बड़े पुत्र थे। ट्रेलर देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म शिवाजी की मृत्यु के बाद मराठा क्षेत्र पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे मुगलों पर केंद्रित है। उस समय मुगल साम्राज्य पर औरंगजेब का शासन था।
बाबाओं पर बन रही फिल्मों और सीरीज़ से खफा दिखे प्रेमानंद महाराज, बताया कैसी होगी उन पर बनी मूवी?
संभाजी ने औरंगजेब के बेटे को अपने संरक्षण में रहने दिया और उसे मुगल सम्राट के क्रोध से बचाया। संभाजी ने मुगलों से मराठा क्षेत्र की रक्षा की और उनकी युद्ध रणनीति इतनी तेज थी कि उन्होंने कई मौकों पर मुगलों को हराया। उन्होंने मुगलों के खिलाफ लड़ाई में मराठा सेना का नेतृत्व किया और जीत हासिल की।
छावा 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।