कैनेडियन पंजाबी सिंगर शुभनीत सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पहले वह भारत के नक्शे से पंजाब और जम्मू-कश्मीर को हटाने के कारण मुसीबत में फंस गए थे। अब उन्होंने इंदिरा गांधी की हत्या का मजाक उड़ाया है। जिसके कारण भारत में उनका जमकर विरोध हो रहा है। शुभ ने लंदन में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान एक हुडी दिखाई थी, जिसमें बेअंत सिंह और सतवंत सिंह को इंदिरा गांधी की हत्या करते हुए दिखाया गया था।
खालिस्तान समर्थन सोशल मीडिया हैंडल शेर-ए-पंजाब ने इसे साझा किया था। वैसे ये वीडियो भारत में बैन कर दी गई है, लेकिन ये काफी ज्यादा वायरल हो रही है। लोग शुभनीत का विरोध कर रहे हैं और उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं। कंगना रनौत ने भी शुभ की इस हरकत को शर्मनाक बताया है।
कंगना रनौत ने X (पूर्व में ट्विटर) पर बाला नाम के यूजर का ट्वीट शेयर करते हुए लिखा, “एक वृद्ध महिला की उन लोगों द्वारा कायरतापूर्ण हत्या का जश्न मनाना, जिन्हें उसने अपना रक्षक नियुक्त किया था। जब आप पर सुरक्षा का भरोसा किया जाता है, लेकिन आप भरोसे और विश्वास का फायदा उठाते हैं और उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल कर उन लोगों को मार देते हैं जिनकी रक्षा की जानी थी तो यह बहादुरी का नहीं बल्कि कायरता का शर्मनाक कृत्य है।”
कंगना ने आगे लिखा, “एक निहत्थी और अनजान बुजुर्ग महिला पर इस तरह के कायरतापूर्ण हमले पर किसी को शर्म आनी चाहिए, एक महिला जो लोकतंत्र की चुनी हुई नेता थी, यहां महिमामंडन करने के जैसा कुछ भी नहीं है, शुभ जी, शर्म करो।”
केवल कंगना रनौत ही नहीं अन्य लोग भी शुभ से खासा नाराज है। उनपर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर शुभ का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और एक बार फिर वह बड़ी मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं।
भारत के नक्शे को लेकर भी मचा था बवाल
कैनेडियन सिंगर शुभनीत इससे पहले सोशल मीडिया पर भारत का नक्शा शेयर करने पर भी विवादों में रह चुके हैं। कुछ महीने पहले शुभ ने सोशल मीडिया पर एक नक्शा शेयर किया था, जिसमें से पंजाब और जम्मू-कश्मीर गायब थे। इसके ठीक बाद मुंबई में उनका कॉन्सर्ट होने वाला था, जिसे कैंसिल कर दिया गया था। इसके साथ ही क्रिकेटर विराट कोहली ने उन्हें इंस्टाग्राम पर अनफॉलो किया था।