सोनी टीवी का क्विज रिएलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 14वां सीजन इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। हर बार की तरह इस बार भी शो को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ही होस्ट कर रहे हैं। सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है, जो हैं महाराष्ट्र के कोल्हापुर की रहने वालीं कविता चावला।
कविता चावला हाउस वाइफ हैं। वे लंबे समय से केबीसी की तैयारी कर रही थीं। लेकिन एक करोड़ जीतने बाद कविता 7.5 करोड़ रुपये के सवाल पर अटक गईं। जानें क्या है वो सवाल और क्या आप जानते हैं जवाब?
कविता चावला KBC 14 की पहली करोड़पति
कविता ने अपनी सूझबूझ और ज्ञान के दम पर एक एक कर तमाम सवालों के जवाब देकर 1 करोड़ रुपये जीते। एक करोड़ के लिए उनसे पूछा गया था कि- अंतरिक्ष यान में चन्द्रमा तक जाने और पृथ्वी पर लौटने वाला पहला जानवर इनमें से कौन था? इस सवाल के लिए उनके पास चार ऑप्शन थे- चूहा, खरगोश, कछुआ, चिंपैंजी। इस इस सवाल का सही जवाब- कछुआ था। कविता ने प्रश्न का सही उत्तर देकर 1 करोड़ रुपये की राशि अपने नाम कर ली।
लेकिन शो के आखिरी सवाल यानी 7.5 करोड़ रुपये के लिए पूछे गए सवाल का जवाब उनके पास नहीं था। जिसकी वजह से कविता आखिरी पड़ाव पर जाकर चूक गईं।
क्या था 7.5 करोड़ का सवाल?
एक करोड़ के सवाल का जवाब देने के बाद कविता 17वें सवाल यानी जैकपॉट प्रश्न पर पहुंची। चूंकि कविता के पास कोई लाइफ लाइन नहीं थी। ऐसे में 7.5 करोड़ रुपये के लिए पूछे गए सवाल का जवाब उन्हें ही देना था, लेकिन उन्होंने शो को क्विट करने का फैसला किया। दरअसल, 17वां सवाल क्रिकेट से जुड़ा हुआ था। कविता ने बताया कि उन्हें क्रिकेट में दिलचस्पी नहीं है।
सवाल था- प्रथम श्रेणी पदार्पण पर दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय, गुंडप्पा विश्वनाथ ने किस टीम के विरुद्ध यह उपलब्धि प्राप्त की थी? ऑप्शन थे- A) सर्विसेस B) आंध्र C) महाराष्ट्र D) सौराष्ट्र। इसका सही जवाब B) आंध्र था। हालांकि कविता को इस बात का दुख है कि उन्हें शो छोड़ना पड़ा लेकिन इस बात की खुशी भी है कि वह सीजन की पहली करोड़पति बनीं।
