दिवंगत बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन के बाद पहली बार उनके ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से पोस्ट शेयर की है। जिसके बाद अभिनेत्री के फैन्स ने पोस्ट पर कमेंट की बौछार लगा दी है। गुरूवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में 65 वें नेशनल फिल्म फेयर अवॉर्ड के प्रोग्राम का आयोजन किया गया था। श्रीदेवी के मरणोपरांत उन्हें अवॉर्ड दिया गया। इस अवॉर्ड को पति बोनी कपूर और अपनी दोनों बेटियों के साथ लेने के लिए पहुंचे थे। इसी अवार्ड और सर्टिफिकेट को बोनी कपूर ने श्रीदेवी के ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है। अभिनेत्री के निधन के बाद उनके अकाउंट से पहली बार उनके परिवार के द्वारा कोई पोस्ट शेयर की गई है।

बोनी के अवॉर्ड समारोह की तस्वीरों को भी ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है। बोनी ने दूसरा ट्वीट कर श्रीदेवी को फिल्म ‘मॉम’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के  सर्टिफिकेट को शेयर किया है। श्रीदेवी के निधन के बाद पहली बार शेयर की गई इस पोस्ट में फैन्स से भावुक कर देने वाले कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, शुक्रिया आपका इस ट्विटर हैंडल से अपडेट करने के लिए। वह हमारे दिलों में रहती हैं। वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट बॉक्स में लिखा, मैं खुश हूं कि श्रीदेवी को फिल्म मॉम के लिए अवॉर्ड दिया गया। आज वह जहां भी होंगी इसे देखकर खुश होंगी। आज उनके लिए खास दिन है। वहीं एक यूजर लिखता है, उनके हैंडल से ट्वीट करने के लिए शुक्रिया बोनी सर, हम उन्हें बहुत मिस करते हैं। एक अन्य फैन ने लिखा, कलाकार कभी मरते नहीं है। सुमित नाम के ट्विटर हैंडल ने कमेंट बॉक्स में लिखा, आप हमें क्यों छोड़ कर चली गईं? आप हमारे बीच क्यों नहीं है? हम आपको बहुत याद करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बोनी कपूर ने दिवंगत पत्नी श्रीदेवी के बारे में बात करते हुए कहा, ”यह पल हमारे लिए बेहद खास है। इसी तरह यह पल हमारे लिए भावुक कर देने वाला भी है। काश वह हमारे साथ होतीं। वह सच में इस अवॉर्ड की हकदार थीं। उन्होंने 50 साल में करीब 300 फिल्मों में काम किया है। हालांकि वह अपनी एक्टिंग और फिल्मों के जरिए हमारे बीच हमेशा जिंदा रहेंगी।”