‘गैंगस्टर’, ‘वो लम्हे’, ‘लाइफ इन मेट्रो’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले एक्टर शाइनी आहूजा करियर की बुलंदियों पर पहुंचकर अचानक इंडस्ट्री से गायब हो गए थे। इसके पीछे का कारण था उनका जेल जाना। शाइनी आहूजा पर उन्हीं की कामवाली ने रेप करने का आरोप लगाया था और उनपर जुर्म साबित भी हुआ था। साल 2009 में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
वो वक्त ऐसा था कि इंडस्ट्री के लोगों ने शाइनी आहूजा से दूरी बना ली थी, कोई उनकी तरफदारी करने आगे नहीं आया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 3 महीने तक जेल में रखा गया और फिर वो जमानत पर बाहर आए थे, लेकिन ये केस चलता रहा और साल 2011 में उन्हें 7 साल की जेल की सजा सुनाई गई।
क्या सच में किया था रेप?
शाइनी ने कोर्ट से गुहार लगाई थी कि उन्हें रिहा कर दिया जाए। खुद पर लगे आरोप के जवाब में शाइनी ने बताया था कि उन्होंने अपनी कामवाली का रेप नहीं किया, बल्कि दोनों की रजामंदी से उन्होंने संबंध बनाए थे। यहां तक कि जिसने एक्टर पर आरोप लगाए थे वो भी अपने बयान से पलट गई। कोर्ट में उसने बताया कि जिसने उसे शाइनी आहूजा के घर काम पर लगाया था, उसी के कहने पर उसने एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। हालांकि इसके बाद भी शाइनी को सात साल की सजा हुई थी।
इस फिल्म से की वापसी
इसके बाद शाइनी ने कुछ साल खुद को इंडस्ट्री से दूर रखा और फिर ‘वेलकम बैक’ से फिल्मों में वापसी की। हालांकि काफी कम रोल होने के कारण शाइनी लाइमलाइट में नहीं आ पाए। अब भी शाइनी चकाचौंध की दुनिया से दूर हैं।
इसके बारे में खुद शाइनी आहूजा ने कहा था कि वो नहीं चाहते थे जो कीचड़ उन पर उछाला गया है, उसके दाग उनकी बेटी को झेलने पड़े। इसलिए उन्होंने खुद को इन सब से दूर कर लिया है और वो अब एक साधारण जिंदगी जी रहे हैं।