होली का त्योहार जितना रियल लाइफ में मजेदार होता है, उतना ही उसे हिंदी फिल्मों में भी दिखाया जाता है। बॉलीवुड में भी लोग बड़े लेवल पर होली पार्टी रखते हैं, जिसकी खूब चर्चा भी होती है। मगर आजकल की ये होली पार्टियां राज कपूर की पार्टी को टक्कर नहीं दे सकतीं। बॉलीवुड के शोमैन कहे जाने वाले राज कपूर को उनके काम के साथ-साथ जिंदादिली के लिए भी जाना जाता है। बड़े पर्दे की तरह वो लोगों की रियल लाइफ में अपनी होली पार्टी से रंग बिखेर देते थे। वैसे तो आज भी कपूर खानदान हर त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाता है, लेकिन राज कपूर के जमाने में जो होली मनाई जाती थी, वो अब नहीं होती।

क्या था खास?

राज कपूर की होली पार्टी में फिल्मी दुनिया का हर छोटे से बड़ा सितारा शामिल होता था। उनकी पार्टी का सबको इंतजार रहता था। अमिताभ बच्चन दिलीप कुमार भी उनकी पार्टी का हिस्सा होते थे। उनकी इस होली पार्टी का आयोजन आरके स्टूडियो में होता था, जिसमें जमकर नाच-गाना होता था। हर तरफ रंग बिखरे होते थे और खाने के अलग-अलग व्यंजन से लेकर शराब की भी कोई कमी नहीं होती थी।

बनता था खास पूल

राज कपूर की होली पार्टी में पूल बनाया जाता था, जिसमें पानी और रंग घोला जाता था और आने वाला हर मेहमान इस पूल में डुबकी लगाता था। जो डुबकी नहीं लगाता था उसे जबरदस्ती इसमें फेंका जाता था। ये पार्टी आज भी लोगों को याद है।

रणबीर कपूर ने भी किया था इस होली पार्टी का जिक्र

55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के दौरान अपने परदादा की इस होली पार्टी के बारे में रणबीर कपूर ने भी बताया था। उन्होंने कहा था कि उस वक्त वो बहुत छोटे थे और काले पीले रंगों में रंगे लोगों को देख वो काफी घबरा जाते थे। रणबीर ने कहा था, “मैं बहुत छोटा था तो मेरे लिए ये बहुत डरावना माहौल होता था। हर कोई काले और कई रंगों से रंगा होता था, सबको ऐसे ट्रंक में फेंका जा रहा है।”

रणबीर ने आगे कहा, “मैंने सुना है कि सिर्फ एक्टर्स या एक्ट्रेसेस ही नहीं, फिल्म इंडस्ट्री का हर व्यक्ति इसमें शामिल था। कैमरा, प्रोडक्शन में काम करने वाले लोग भी, सभी लोग साथ मिलकर जश्न मनाते थे।” आरके स्टूडियो में होली पार्टी का सिलसिला साल 1998 तक चलता रहा। लेकिन राज कपूर के निधन के बाद ये पार्टी बंद हो गई।