बॉलीवुड फिल्ममेकर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘चोक्ड: पैसा बोलता है’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में इस फिल्म को लेकर अनुराग कश्यप ने इंडिया टुडे से बातचीत की और कई मजेदार किस्से शेयर किए। अनुराग कश्यप ने बताया कि उन्होंने ये फिल्म अपनी गर्लफ्रेंड शुभ्रा शेट्टी के लिए बनाई है।
अनुराग ने कहा, ‘शुभ्रा मेरे पास 2015 में इस फिल्म की स्क्रिप्ट लेकर आई थी। शुभ्रा ने मुझसे बताया कि उसने ज्यादा फिल्में नहीं देखी हैं क्योंकि फिल्मों को देखने से उसे परेशान होती है। लेकिन उसने मुझसे कहा कि अगर तुम ये फिल्म बनाओगे तो मैं इसे देखूंगी। इस वजह से मैंने ये फिल्म बना दी। ये मेरी तरफ से उसको शुक्रिया बोलने का एक तरीका है। उसने अब ये फिल्म देख ली है और इस बात से मुझे बेहद खुशी है।’
बता दें कि ‘चोक्ड: पैसा बोलता है’ फिल्म में एक्ट्रेस सैयामी खेर और मलयाली एक्टर रोशन मैथ्यू मुख्य किरदार की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म की कहानी निमित भावे ने लिखी है वहीं अनुराग कश्यप ने इसे डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी सरिता और सुशांत नाम के एक जोड़े की है जो 2016 में हुई नोटबंदी के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आती है। सरिता बैंक में नौकरी करती है और अचानक उसके घर में उसे नोटों की गड्डियां मिलने लगती हैं। अब नोटबंदी के बीच वो इन पैसों का क्या करती है फिल्म की कहानी इसी के आसपास घूमती हुई नजर आती है।
मालूम हो कि कि शुभ्रा शेट्टी अनुराग कश्यप से 21 साल छोटी हैं। जहां शुभ्रा शेट्टी 26 साल की हैं वहीं अनुराग कश्यप 47 साल के हैं। शुभ्रा शेट्टी अनुराग की प्रोडक्शन कंपनी में काम करती हैं। साल 2017 में अनुराग कश्यप ने शुभ्रा के साथ अपनी फोटो शेयर कर अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया था। अनुराग ने फोटो के कैप्शन में ‘प्यार’ लिखकर तस्वीर को शेयर किया था।