6 जून यानी आज सुबह बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र को लेकर खबर आ रही थी कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खबर के फैलने के बाद उनके बेटे एक्टर बॉबी देओल ने इसे अफवाह बताया है। बॉबी ने कहा कि पापा की तबीयत बिल्कुल ठीक है और वो घर पर आराम कर रहे हैं।

इंडिया टुडे से बातचीत में बॉबी देओल ने कहा कि धर्मेंद्र की तबीयत अब ठीक है। इसी के साथ बॉबी ने उनके पिता की चिंता करने और उन्हें प्यार देने के लिए फैंस को धन्यवाद भी दिया है। दरअसल पिछले दिनों धर्मेंद्र अपने-2 की शूटिंग के दौरान जख्मी हो गए थे। जिसके बाद उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ा था। जिसके बाद उनको लेकर दोबारा ये खबर फैल रही थी।

अस्पताल से लौटने के बाद धर्मेंद्र ने खुद अपने फैंस को अपनी सेहत की जानकारी दी थी। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया था कि शूट के समय उनकी कमर में चोट आई थी, जिससे अब वो रिकवर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा था, ”दोस्तों कुछ ज्यादा मत करिए। मैं कर चुका हूं, मैं पीठ के एक बड़े मसल खिंचने के कारण झेल चुका हूं। जिसके कारण मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। दो-चार दिन तो मेरे लिए मुश्किल थे, लेकिन आप लोगों की दुआ से मैं एक बार फिर वापस घर लौट आया हूं। आप लोग चिंता न करें, मैं अब और ज्यादा अपनी सेहत का ध्यान रखूंगा। आप सभी को डेर सारा प्यार।”

आपको बता दें कि 86 साल के धर्मेंद्र आज भी काफी एक्टिव हैं और अपने फिल्मी करियर को बरकरार रखे हुए हैं। हालांकि एक्टर को डर लगता था कि उन्हें 70 साल की उम्र के बाद काम नहीं मिलेगा, या वो काम नहीं कर पाएंगे।

इस बारे में बात करते हुए हाल ही में बॉबी देओल ने बताया कि उनके पिता धर्मेंद्र के मन में डर बैठ गया था। एक दिन धर्मेंद्र ने उनसे कहा था,वो सोचतेे थे कि 70 की उम्र तक वो काम कर पाएंगे, शायद उसके बाद उन्हें काम नहीं मिले या वो काम नहीं कर पाएं। और आज वो 86 साल के हो गए हैं फिर भी काम कर रहे हैं।