बिहार पुलिस के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय जल्द ही Bigg Boss फेम दीपक ठाकुर के गाने में नजर आने वाले हैं। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, दीपक ठाकुर के म्यूजिक एल्बम में रॉबिनहुड का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे जिसका नाम होगा ‘रॉबिनहुड बिहार के’ दीपक ठाकुर ने ट्वीट कर अपने अपकमिंग एल्बम के बारे में जानकारी दी है। म्यूजिक वीडियो में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के साथ दीपक ठाकुर भी नजर आएंगे।
डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के इस रूप को देखकर फैंस काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं और सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। आशुतोष ने लिखा, ‘चुनाव लड़कर ही मानेंगे?’ उल्फत सिद्दकी ने लिखा, ‘डीजीपी साहब अब यह सब भी करेंगे।’ आयुष ने लिखा, ‘दीपक भाई माहौल गरमाया हुआ है आप भी अपना फायदा करवा लो। बहती गंगा में हाथ साफ करने का इससे अच्छा मौका फिर नहीं मिलेगा।’
चुनाव लड़ के ही मानेंगे??
— Ashutosh (@Ajashutoshjha) September 13, 2020
डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने बनाई टॉप 10 में जगह: बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को देश के 50 चर्चित भारतीयों की सूची में टॉप 10 में शामिल किया है। फेम इंडिया नाम की संस्था ने ये सर्वे इसी साल 2020 में किया है। इस सर्वे में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने टॉप टेन में जगह बनाकर काफी फेम कमाया है। बता दें कि अलग-अलग कैटगरी में देश भर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की राय और ग्राउंड रिपोर्ट को आधार बनाकर यह सर्वे किया गया है। इससे पहले डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय सुशांत केस को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं।
गैंग्स ऑफ वासेपुर में गाया था दीपक ने गाना: बिग बॉस फेम दीपक ठाकुर बिहार के मुजफ्फरपुर में रहते हैं। दीपक ठाकुर गैंग्स ऑफ वासेपुर फिल्म में ‘मूरा’ गाने से काफी फेमस हुए थे। इस गाने ने इन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। अनुराग कश्यप ने कहा था कि जब पहली बार उन्होंने दीपक को गाते देखा तभी यह तय कर लिया था कि उन्हें अपनी फिल्म में गाने का मौका जरूर देंगे। अनुराग कश्यप ने अपनी फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर- 2 में दीपक से गाना गवाया जो काफी हिट भी हुआ था। इसके अलावा दीपक को कुछ अन्य म्यूजिक एल्बम में भी देखा गया है।