टीवी का कॉन्ट्रोवर्सियल शो ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) में अक्सर कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को मारने-मरने के लिए तैयार रहते हैं। शो में जहां कुछ लोग नया रिश्ता दोस्ती का बनाते हैं तो कुछ लोग दुश्मनी मोल लेकर जाते हैं। घर में अक्सर उनके बीच झगड़ा देखने के लिए मिलता है, जिसका असर उनकी असल जिंदगी पर भी कई बार पड़ता है। इसी बीच खबर ‘बिग बॉस तमिल’ से आ रही है। साउथ एक्ट्रेस और एक्स कंटेस्टेंट वनिता विजयकुमार पर देर रात हमला हुआ है और उन्हें शक है कि ‘बिग बॉस तमिल’ सीजन 7 (Bigg Boss Tamil 7) के बेदखल कंटेस्टेंट एक्टर प्रदीप एंटनी के फैन ने ये हमला किया है।
43 साल की एक्ट्रेस वनिता विजयकुमार ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट से चोट के निशान वाली फोटो को भी शेयर किया है। इसमें देख सकते हैं कि चोट लगने के कारण एक्ट्रेस का चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा है। उनकी आंखें सूजी हुई हैं। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने हमले की जानकारी दी और एक के बाद एक कई ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, ‘बुरी तरह से हमला हुआ। भगवान जानता है किसने किया। प्रदीप एंटनी के सपोर्टर ने किया। बिग बॉस तमिल 7 का रिव्यू खत्म किया था। डिनर के लिए गई और कार पार्किंग में गई वहां काफी अंधेरा था। एक आदमी कहीं से आया और कहा लाल कार्ड कुडुक्रीनगला।’
काम करने की हालत में नहीं हैं एक्ट्रेस
वनिता ने एक और ट्वीट किया और बताया कि वो दर्द में थीं। उनके चेहरे से खून बह रहा था। शख्स उन्हें मारकर भाग गया था। वो चिल्ला रही थीं। रात के 1 बजे के आसपास कोई नहीं था। उन्होंने अपनी बहन को नीचे बुलाया। बहन ने इस घटना की जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा तो वनिता ने जवाब दिया कि उनका भरोसा इन सबसे उठ चुका है। एक्ट्रेस ने ट्रीटमेंट करवाया। वो हमलावर को पहचानने में असफल रहीं। वो अभी काम से ब्रेक ले रही हैं। उनकी कंडिशन काम करने की नहीं है।
‘बिग बॉस 7 तमिल’ के विवादों पर विचार रखती हैं वनिता
आपको बता दें कि वनिता विजयकुमार सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और वो ‘बिग बॉस 7 तमिल’ को लेकर हुए विवादों पर अपने विचार व्यक्त करती रहती हैं। हाल ही में एक्टर प्रदीप एंटनी को उनके बरे बर्ताव की वजह से ‘बिग बॉस तमिल’ के सीजन 7 से बाहर कर दिया गया था। शो से निकलने के बाद से ही एक्टर अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।