प्रियंका चोपड़ा की बहन और साउथ एक्ट्रेस मन्नारा चोपड़ा (Mannara Chopra) को ‘बिग बॉस 17’ में देखा गया था। शो में एक्ट्रेस को काफी पॉपुलैरिटी मिली। इसमें उनकी गेम को इतना पसंद किया गया कि वो इसके आखिरी तक इसमें डटी रहीं। मन्नारा शो की दूसरी रनरअप रही थीं। ऐसे में अब वो ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ को फॉलो कर रही हैं। शो अपने अंतिम पड़ाव में है। इसका ग्रैंड फिनाले 2 अगस्त को होने वाला है और टॉप 5 फाइनलिस्ट भी फाइनल हो चुके हैं। इसमें दो फीमेल कंटेस्टेंट सना मकबूल और कृतिका मलिक शामिल हैं। इसी बीच अब मन्नारा चोपड़ा ने अपना एक वीडियो शेयर कर बिना किसी का नाम लिए निशाना साधा है। साथ ही दावा किया है कि एक कंटेस्टेंट जुगाड़ लगाकर शो में गया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि कोई लिपस्टिक लगाकर ये शो नहीं जीत सकता है। लोगों से सही चुनाव करने का अनुरोध भी किया है। चलिए बताते हैं एक्ट्रेस ने अपने वीडियो में क्या है।
दरअसल, फिनाले से पहले मन्नारा चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने दो वीडियो शेयर किए हैं। इसमें वो बिना नाम लिए किसी फीमेल कंटेस्टेंट पर गुस्सा निकालते हुए नजर आ रही हैं। वो कहती हैं, ‘पहले जुगाड़ बनाकर बिग बॉस में एंट्री लेने की कोशिश और जब जुगाड़ सेट हो जाए तो शो में एंट्री हो गई। अच्छा घर में चले गए तो अब शो को जीतना भी तो है। अपने दोस्त यारों को इकट्ठा करो। अरे तुम्हारे इतने फॉलोअर्स हैं। मैं लास्ट में पहुंची हूं ना मेरे लिए वोट करना। मेरे लिए ये करना वो करना। अरे भई कुछ खुद भी अपने लिए कर लो, जो तुम्हारे साथ नए फैंस जुड़ने वाले हैं। वो तुम्हारी पर्सनैलिटी को देख लें। क्या बकवास बाजी हो रही है यार। दोस्तों रियल इंसान को सपोर्ट और वोट करो। आपको जिसे देखकर पूरे शो में मजा आया, जिसने आपको एंटरटेन किया, जो रियल लगा। ना कि उस जुगाड़ी इंसान को वोट करो। जो जुगाड़ लगाकर अंदर आए। फिर अपने दोस्तों की मदद से फाइनल तक पहुंच जाए।’
लिपस्टिक लगाने का शो नहीं है- मन्नारा चोपड़ा
इसके साथ ही मन्नारा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर है, जिसे उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर ही शेयर किया है। इसमें वो कहती हैं, ‘ये जो शो है ना लिपस्टिक लगाने का शो नहीं है और ना ही ये लड़ाई झगड़े का शो है। ये रियल लोगों के लिए है। इतने महीनों से मैं चुप थी। किसी को कुछ बोलती नहीं थी। लेकिन जब देखा कि फिर से चीजें हो रही हैं। शो का फिनाले आने वाला है तो मुझसे कंट्रोल नहीं हुआ। लगा मुझे ये वीडियो बनाना चाहिए तो बना दिया। लोगों को बताइए कि आप अपनी आने वाली जनरेशन को कैसे देखना चाहते हो। उन्हें क्या दिखाना चाहते हो। इसलिए सही इंसान को चुनें और शो का विनर बनाएं।’
सना मकबूल पर साधा निशाना?
आपको बता दें कि ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ के टॉप 5 फाइनलिस्ट में केवल दो ही महिला कंटेस्टेंट सना मकबूल और कृतिका मलिक पहुंची हैं। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स कयास लगा रहे हैं कि मन्नारा ने बिना नाम लिए सना मकबूल पर निशाना साधा है। लेकिन, अब इसकी सच्चाई क्या है ये तो खुद एक्ट्रेस ही जानती होंगी। इस पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। टॉप 5 फाइनलिस्ट में मेल कंटेस्टेंट में साई केतन राव, रणवीर शौरी और नैजी हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि शो की ट्रॉफी किसके हाथ में जाती है।