Bigg Boss OTT 3 Finale: बिग बॉस का ग्रैंड फिनाले आज है, और आज बिग बॉस ओटीटी 3 को अपना विनर मिल जाएगा। टॉप 5 में जो कंटेस्टेंट्स पहुंचे थे उसमें रणवीर शौरी, कृतिका मलिक, सना मकबूल, नेज़ी और साई केतन थे। अब फिनाले से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रैंड फिनाले के टॉप 2 में नहीं पहुंच पाए रणवीर शौरी। सिर्फ रणवीर ही नहीं कृतिका मलिक और साई केतन भी बिग बॉस फिनाले वाले दिन शो से बेघर हो गए हैं। जो दो सितारे टॉप पर पहुंचे हैं वो सना मकबूल और नेज़ी हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सना और नेज़ी में फाइनल का मुकाबला होगा और इन दोनों में से एक को बिग बॉस 3 की चमचमाती ट्रॉफी और 25 लाख रुपये का ईनाम मिलेगा। बिग बॉस के अंदर की खबर देने वाले द खबरी ने बताया है कि बाहर होने वाले पहले कंटेस्टेंट साई केतन होंगे। उसके बाद कृतिका मलिक और फिर रणवीर शौरी घर से बेघर हो जाएंगे। यानी कि रणवीर शौरी दूसरे रनर अप होंगे। बताया जा रहा है कि श्रद्धा कपूर रणवीर शौरी को घर से बाहर लेकर आएंगी। श्रद्धा कपूर अपनी फिल्म स्त्री के प्रमोशन के लिए बिग बॉस ओटीटी 3 के सेट पर पहुंचेंगी।

इस हफ्ते की शुरुआत में अरमान मलिक और लवकेश कटारिया भी शो से बाहर हो गए थे। अब घर में नेजी और सना ही बचे हैं।

आपको बता दें, कृतिका मलिक के टॉप 5 में होने पर शिवानी और दीपक चौरसिया ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि कृतिका टॉप 5 में रहना डिजर्व नहीं करती थीं। उनसे बेहतर कई खिलाड़ी थे जो टॉप 5 में हो सकते थे। वहीं कृतिका से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो जैसी बाहर थीं वैसी ही शो के अंदर थीं, लोगों ने उन्हें पसंद किया इसलिए वो टॉप 5 में पहुंची हैं।

बिग बॉस ओटीटी जियो सिनेमा पर स्ट्रीम होता है, इस बार शो के होस्ट अनिल कपूर हैं। शो का पहला सीजन करण जौहर ने होस्ट किया था, वहीं दूसरा सीजन सलमान खान ने होस्ट किया था। क्या आपको लगता है कि सना मकबूल और नेज़ी टॉप 2 के लिए सही कंटेस्टेंट्स हैं या फिर किसी और को टॉप 2 में होना चाहिए, अपनी राय हमें जरूर बताएं।