Bigg Boss OTT 3 कंटेस्टेंट और एक्टर रणवीर शौरी इस वक्त खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। लोगों को उनका बेबाक अंदाज काफी पसंद आ रहा है। कमी उनकी हो या सामने वाले की, वह उसे बोलने से पीछे नहीं रहते। उनका ये स्वभाव ही है जिसके कारण वह बेहतरीन एक्टर होने के बाद भी ज्यादा फिल्में नहीं कर पाए। खुद रणवीर ने शो में मुनव्वर फारूकी के साथ बातचीत में कहा कि वह लोगों के साथ कनेक्शन नहीं बना पाते, जो इस लाइन में बहुत जरूरी है। रणवीर ने शो में अपने और पूजा भट्ट के ब्रेकअप पर भी बात की थी और इसे बड़ा स्कैंडल बताया था।

बता दें कि रणवीर शौरी और पूजा भट्ट लंबे समय तक रिलेशनशिप में थे और उनका ब्रेकअप काफी बुरे नोट पर हुआ था। दोनों ने एक दूसरे पर तमाम आरोप लगाए थे, रणवीर शौरी ने ये तक कहा था कि महेश भट्ट ने उन्हें काम न देने की धमकी दी थी। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने महेश भट्ट के बारे में काफी कुछ बताया था और कहा था कि उन्होंने रणवीर का फायदा उठाया है।

अपने एक इंटरव्यू में रणवीर ने महेश भट्ट के इरादों पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि जब वह पूजा भट्ट के साथ रिलेशनशिप में थे वह महेश भट्ट का बहुत सम्मान करते थे। लेकिन जब दोनों का रिश्ता खराब हुआ तो महेश भट्ट उनके मन में जो सम्मान था उसका फायदा उठाने लगे। धीरे-धीरे रणवीर शौरी को ये समझ आने लगा। शौरी ने बताया था कि महेश भट्ट के कारण इंडस्ट्री में उनके साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा था।

सुशांत सिंह राजपूत की मौत को बताया था गैंग बाजी

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में महेश भट्ट का नाम भी घसीटा जा चुका है। कहा गया था कि महेश भट्ट ने सुशांत को इंडस्ट्री से हटाने की कोशिश की थी। इस पर भी रणवीर शौरी अपना बयान दे चुके हैं। उन्होंने अपने साथ इंडस्ट्री में हुए बर्ताव के बारे में बात करते हुए कहा कि जब सुशांत की मौत के साथ ऐसा हुआ तो उन्हें लगा कि उनको बोलना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आप इंडस्ट्री में किसी से भी पूछ लीजिए। आपको सब ऑप रिकॉर्ड यही कहेंगे कि ये सच है। इंडस्ट्री में इस तरह से किसी के खिलाफ गैंगिंग की जाती है, पर मैं इसे रिकॉर्ड पर कह सकता हूं, मुझे ये बोलेने में कोई दिक्कत नहीं। यहां लोग एक इंसान के खिलाफ गैंगबाजी करते हैं, दूसरों का करियर खराब करके अपना करियर बनाते हैं। यहां ये सब कुछ होता है।”