BB 17 Winner, Bigg Boss Season 17: सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 17’ के ग्रैंड फिनाले के विनर का ऐलान कर दिया गया है। इसके फिनाले में टॉप 5 कंटेस्टेंट पहुंचे थे। इसमें अभिषेक कुमार, मुनव्वर फारूकी, मन्नारा चोपड़ा, अरुण माशेट्टी और अंकिता लोखंडे पहुंची थीं। ऐसे में अब इसके विनर का ऐलान कर दिया गया है। मुनव्वर फारूकी ने शो की ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया है। इस ट्रॉफी को जीतने वाले को 50 लाख कैश और एक लग्जरी कार गिफ्ट में दी जाएगी।
मुनव्वर फारूकी शो में अपनी गेम के लिए काफी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से भी काफी सुर्खियां बटोरी थी। शो में उनका और आयशा खान का विवाद जगजाहिर है। एक्ट्रेस ने टू-टाइमिंग से लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। बावजूद इसके मुनव्वर को उनके फैंस की ओर से भारी वोट्स मिले और उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेस्टेंट अभिषेक कुमार और अंकिता लोखंडे को हरा दिया है। तीनों कंटेस्टेंट्स के बीच कांटे की टक्कर देखने के लिए मिली।
कभी 11 घंटे काम कर कमाते थे 850 रुपए
आपको बता दें कि मुनव्वर फारूकी की लाइफ काफी संघर्षों से भरी रही है। वो स्टैंड अप कॉमेडियन हैं और यूट्यूब पर काफी पॉपुलर हैं। ‘बिग बॉस 17’ से पहले वो कंगना रनौत के शो ‘लॉक अप’ में नजर आए थे। इस शो की ट्रॉफी भी उन्होंने अपने नाम की थी। उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनके लिए यहां तक पहुंचना आसान नहीं था। उनकी लाइफ में एक समय था जब वो 11 घंटे काम कर 850 रुपए महीना कमाते थे। उन्होंने इस बात का खुलासा खुद एक इंटरव्यू में किया था।
मैसेबल इंडिया को दिए इंटरव्यू में स्टैंड अप कॉमेडियन ने बताया था कि उन्होंने दो महीने तक एक गिफ्ट शॉप में नौकरी की थी। यहां वो सुबह 9 बजे से लेकर रात 8 बजे तक काम करते थे। हर दिन 11 घंटे काम करने के बाद उन्हें महीने के 850 रुपए मिलते थे। यहां काम करने के लिए उन्हे 3.5 किमी. पैदल भी चलना पड़ता था। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया और वो घर के बाहर समोसे का स्टॉल लगाने लगे।
3500 रुपए कर्ज की वजह से मां ने किया था सुसाइड
मुनव्वर फारूकी ने ‘लॉक अप’ के दौरान खुलासा किया था कि उनकी मां ने 3500 रुपए के कर्ज की वजह से सुसाइड कर लिया था। इस बात का उन्हें आज तक अफसोस रहता है कि वो उनका ये कर्ज नहीं चुका पाए थे। इन सारी मुसीबतों को पार मुनव्वर आज अच्छे मुकाम पर पहुंच गए हैं।