टीवी का कॉन्ट्रोवर्शियल शो ‘बिग बॉस 17’ (Bigg Boss 17) काफी चर्चा में है। इसे हर बार की तरह ही सलमान खान होस्ट कर रहे हैं। अबकी बार शो में दो कपल ने एंट्री मारी है। इसमें अंकिता लोखंडे-विक्की जैन और ऐश्वर्या शर्मा-नील भट्ट हैं। दोनों कपल के बीच अक्सर तीखी बहस देखने के लिए मिलती है। कई बार तो पति-पत्नी के बीच भी बुरी बहस देखने के लिए मिलती है। इसी बीच वीकेंड का वार के लेटेस्ट एपिसोड में सोहेल खान और अरबाज खान ने घरवालों को रोस्ट किया। इस दौरान उन्होंने ऐश्वर्या शर्मा को डोमिनेटिंग बता दिया, जिसके बाद वो अपने पति नील भट्ट पर ही भड़कती नजर आईं।
दरअसल, बात ऐसी थी कि रविवार के एपिसोड में सोहेल खान और अरबाज खान कंटेस्टेंट्स का मनोरंजन करने आए थे। उन्होंने जस्ट चिल सेगमेंट में कई सदस्यों के साथ मस्ती की। कइयों का मजाक भी उड़ाया। इसी दौरान उन्होंने कहा कि नील भट्ट पूरे सीजन के लिए नॉमिनेटेड और ऐश्वर्या शर्मा डोमिनेटिंग। इतना सुनने के बाद तो वो उस समय मुस्कुराते दिखाई दीं। लेकिन, बाद में एक्ट्रेस ने पति नील भट्ट पर जमकर भड़ास निकाली।
नील पर बरसीं ऐश्वर्या
शो से सोहेल और अरबाज के जाने बाद ऐश्वर्या, नील और रिंकू संग अपने कमरे में बैठी हुई थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने रिंकू से कहा कि वो जानती हैं कि नील लोगों के साथ कैसा बर्ताव करते हैं और इस शो में उनके साथ भी वैसे ही बर्ताव कर रहे हैं। ऐश्वर्या बताती हैं कि उनके पति घर में उनके साथ अलग तरीके से रहते हैं। वो उस नील को मिस कर रही हैं। ऐश्वर्या आगे कहती हैं कि सब लोग उन्हें कहते हैं कि वो नील को बात करने से रोकती हैं। इसी बीच नील उनसे कुछ बोलने की कोशिश करते हैं लेकिन वो रोक देती हैं और कहती हैं, ‘मैं तुझसे बात नहीं कर रही हूं फिर से वापस से तू कुछ नहीं बोलेगा तो मैं ही डोमिनेटिंग लगने वाली हूं।’
सलमान खान से डांट खा चुकी हैं ऐश्वर्या
आपको बता दें कि ऐश्वर्या शर्मा को नील भट्ट संग अच्छा बर्ताव ना करने की वजह से पहले भी डांट पड़ चुकी है। वहीं, इस वीकेंड के वार में करण जौहर ने भी ऐश्वर्या को कहा कि वो नील को अपने ईशारों पर नचाती हैं, जिसके बाद सोहेल और अरबाज खान ने भी उन्हें डोमिनटिंग कहा। इससे वो काफी अपसेट हो गई हैं।