रिएलिटी शो ‘लॉकअप’ जीतने के बाद अब स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ‘बिग बॉस 17’ में नजर आ रहे हैं। मुनव्वर फारूकी को घरवाले और दर्शक सभी पसंद कर रहे हैं। मुनव्वर घर के समझदार सदस्य माने जाते हैं। Lockupp में उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर कई खुलासे हुए थे और अब बिग बॉस के शो में मुनव्वर ने अपनी मां की मौत के बारे में बात की।
शुक्रवार के एपिसोड में मुनव्वर को घरवालों से बात करते देखा गया, जिसमें उन्होंने कहा कि जब वह 13 साल के थे तभी उनकी मां का निधन हो गया था। इसपर रिंकू धवन ने मुनव्वर से उनकी मां की मौत का कारण पूछा, जिसपर उन्होंने कहा कि उनकी मां ने आत्महत्या की थी। कॉमेडियन ने बताया कि बहुत से कारण थे, जिसके चलते उनकी मां ने ऐसा बड़ा कदम उठाया।
मुनव्वर ने बताया कि उनकी मां की शादीशुदा लाइफ बहुत खराब थी इसके साथ ही उनपर कर्जा था। जिसके कारण उन्हें बहुत बेइज्जती सहनी पड़ती थी। उनकी मां और पिता दोनों पर कर्जा था। मां ने लोन लिया हुआ था। मुनव्वर ने कहा, “दुखी शादीशुदा जिंदगी थी, साथ ही उस वक्त कर्जा भी था। पापा पर बहुत कर्जा था। मेरी मां पर भी कर्ज़ा था। यह उस समय ह्यूमिलेटिंग था।”
ये कहकर मुनव्वर इमोशनल हो गए। ये सब बात वह गार्डन एरिया में कर रहे थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने मां से जुड़ा किस्सा बताया वह अंदर जाने लगे। जाते-जाते मुनव्वर ने कहा कि केवल 3000 हजार रुपये का कर्जा था, लेकिन उस वक्त वो बहुत बड़ा लगता था। ये बात घर में खाने को लेकर शुरू हुई थी। मुनव्वर ने बताया था कि बचपन में वो सिर्फ दाल रोटी खाया करते थे। या डिनर में उन्हें सालन चावल मिलते थे, इसके अलावा तीसरी चीज नहीं होती थी।
‘लॉकअप’ में भी मुनव्वर ने अपनी मां के बारे में बात की थी। उन्होंने अपने पिता और मां के विवादों के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि कभी घर में उनकी मां को सम्मान नहीं मिला। इस बात का उन्हें अफसोस है कि वह अपनी मां के बुरे वक्त में उनका साथ नहीं दे पाए। मुनव्वर ने बताया था कि एक सुबह वह सोकर उठे और उन्हें बताया गया कि उनकी मां को कुछ हो गया है, वह ये ही सोचते हैं कि उस रात वह अपनी मां के साथ क्यों नहीं सोए।