Shehnaaz Gill : बिग बॉस-13 (Bigg Boss 13) की चर्चित कंटेस्टेंट रहीं शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) के पिता पर रेप का मामला दर्ज किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहनाज के पिता संतोख सिंह सुख पर बंदूक की नोक पर रेप का आरोप है। यह आरोप जालंधर की रहने वाली एक महिला ने लगाया है और रेप का मुकदमा भी दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक संतोख सिंह सुख ने बंदूक की नोंक पर पहले उसे डराया-धमकाया और फिर रेप किया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक घटना 14 मई की बताई जा रही है। हालांकि पीड़िता ने 19 मई को मामला दर्ज कराया है। कहा जा रहा है कि पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड से मिलने गई थी, जो संतोख सिंह सुख के घर पर ही रहता है। संतोख सिंह अपने घर के बाहर ही खड़े थे और उन्होंने पीड़िता को उसके बॉयफ्रेंड से मिलवाने की बात कहकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद संतोख सिंह सुख ने रोहित पुल व्यास के पास बंदूक की नोंक पर उससे जबरन रेप किया। फिलहाल संतोख सिंह को फरार बताया जा रहा है।
इस पूरे मामले में फिलहाल शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) या उनके पिता की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। हालांकि शहनाज के भाई शहबाज ने इस पूरे आरोप को बेबुनियाद और झूठा बताया है। ‘स्पॉटबॉय’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक शहबाज ने कहा कि उनके पिता पर मामला दर्ज किया गया है, लेकिन रेप का आरोप झूठा है। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने यह मामला दर्ज कराया है, वह मेरे पिता की छवि खराब करना चाहती है। उसकी नीयत ठीक नहीं है। इन आरोपों से हम सभी परेशान हैं, लेकिन हमें पूरा यकीन है कि कुछ नहीं होने वाला है। सीसीटीवी आदि चेक करवा रहे हैं।
आपको बता दें कि शहनाज का परिवार पंजाब में रहता है। हालांकि लॉकडाउन के चलते वह और उनका भाई शहबाज मुंबई में ही हैं। कुछ दिनों पहले शहनाज गिल की दादी की तबीयत खराब हुई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब भी शहनाज उनके पास नहीं जा पाई थीं। गौरतलब है कि बिग बॉस के 13वें संस्करण में शामिल रहीं शहनाज गिल ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्हें पंजाब की कैटरीना कैफ कहा गया और शो में सिद्धार्थ संग उनकी दोस्ती को दर्शकों ने खूब इंजॉय किया।