Navratri 2025: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है। इन नौ दिनों तक माता रानी की भक्ति में पूरा देश डूबा रहता है। जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए जाते हैं, रात-रात भर माता के जागरण और भजन संध्या का आयोजन होता है। घरों और मंदिरों में अखंड दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। इस मौके पर भक्ति गीतों की धुनों से वातावरण गूंज उठता है।
यूट्यूब पर भी हर साल देवी भजनों की भरमार देखने को मिलती है। खासतौर पर भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में इस दौरान देवी गीतों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। भोजपुरी गायक हर साल माता रानी को समर्पित नए-नए भजन रिलीज करते हैं, जो देखते ही देखते वायरल हो जाते हैं।
खेसारी लाल यादव का सुपरहिट भजन
ऐसा ही एक भजन है खेसारी लाल यादव का, जो आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। यह गीत 14 नवंबर 2014 को यूट्यूब चैनल Angle Music पर रिलीज किया गया था। अब तक इस गाने को लगभग 22 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं।
गीत का शीर्षक है – ‘माटी के मूर्ति से’। इसे म्यूजिक एल्बम ‘माई मईहरवाली’ के अंतर्गत रिलीज किया गया था। इस गीत को खेसारी लाल यादव ने लोकप्रिय गायिका प्रियंका सिंह के साथ मिलकर गाया है।
गीत के बोल लिखे हैं कृष्णा बेदर्दी ने, वहीं संगीत दिया है एम एम ब्रदर ने।
गाने की खासियत
इस गीत में खेसारी लाल यादव माता रानी की महिमा का बखान करते हैं। गीत के बोल भक्ति और आस्था से सराबोर हैं। इसमें हमें वैष्णो देवी, ज्वाला देवी और मईहर देवी की झलक देखने को मिलती है। गाने की सबसे खास पंक्ति है – “माटी के मूर्ति से मैया हंसती हैं।”
कब है शारदीय नवरात्रि 2025?
वैदिक पंचांग के अनुसार, 22 सितंबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहा है। यह पर्व आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से लेकर नवमी तिथि तक मनाया जाता है। इसके अगले दिन दशहरा का पर्व होता है जो इस साल 2 अक्तूबर को है।