Navratri 2025 Bhojpuri Devi Geet: शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व 22 सितंबर 2025 से शुरू हो चुका है और यह 2 अक्टूबर को विजयदशमी के साथ संपन्न होगा। इन नौ दिनों तक देशभर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। मंदिरों और घरों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर भक्त विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए गए हैं, जहां मां दुर्गा की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन-कीर्तन का आयोजन भी हो रहा है।
इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री ने भी अपने दर्शकों और श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर करने का जिम्मा उठाया है। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में एक नया देवी गीत रिलीज किया है, जो इन दिनों इंटरनेट पर जमकर धमाल मचा रहा है। इस भक्ति गीत का शीर्षक है ‘खुश रख माई’।
दो दिनों में 4 मिलियन व्यूज
यह गाना 20 सितंबर को T-Series Hamaar Bhojpuri के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था। रिलीज होते ही दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया और महज दो दिनों के भीतर इस गाने को करीब 4 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। नवरात्रि के शुभ अवसर पर रिलीज हुए इस गीत को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी खूब शेयर किया जा रहा है और दर्शक इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।
खेसारी लाल यादव और कविता यादव की आवाज का जादू
‘खुश रख माई’ गीत को अपनी सुरीली आवाज दी है खेसारी लाल यादव और गायिका कविता यादव ने। दोनों की जुगलबंदी ने इस गाने को और भी खास बना दिया है। वीडियो में खेसारी लाल यादव के साथ अदाकारा कोमल सिंह नजर आ रही हैं। उनकी केमिस्ट्री और दमदार परफॉर्मेंस इस गाने को विजुअली और भी आकर्षक बना रही है।
शानदार टीम ने रचा कमाल
इस गाने के बोल लिखे हैं अभिषेक भोजपुरिया ने, जबकि संगीत से इसे सजाया है मोनू सिन्हा ने। गाने का निर्देशन किया है पवन पाल ने। गाने के वीडियो में भक्ति और आस्था के रंगों को खूबसूरती से फिल्माया गया है, जो नवरात्रि की भावनाओं को जीवंत करता है।
नवरात्रि पर भोजपुरी गीतों की परंपरा
भोजपुरी इंडस्ट्री में हर साल नवरात्रि पर कई भक्ति गीत रिलीज किए जाते हैं। इस बार भी खेसारी लाल यादव का यह नया गीत भक्तों को खूब पसंद आ रहा है।