भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के इस सुपर हिट गायक और एक्टर के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर में केस दर्ज कराया गया है। पवन सिंह पर आरोप है कि बीते 20-21 अगस्त की रात को मुजफ्फरपुर स्थित जिला स्कूल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने बिना अनुमति देर रात तक परफॉर्म किया। भोजपुरी अभिनेता पर यह केस मीठापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है। इस मामले में युवा शक्ति और कलर्स एकाडेमी पर भी केस दर्ज कराया गया है। आपको बता दें कि सावन के महीने में पवन सिंह, छैला बिहारी, खेसारी लाल जैसे दूसरे भोजपुरी गायकों की डिमांड काफी बढ़ जाती है।
ज्यादातर भोजपुरी गायक ग्रामीण इलाकों में काफी मशहूर होते हैं। इन इलाकों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अक्सर भोजपुरी गायकों को आमंत्रित किया जाता है। आपको बता दें कि पवन सिंह को साल 2008 में आए गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से बड़ी पहचान मिली थी। इसके बाद पवन सिंह एक से बढ़कर एक गाने गाए। गायकी के अलावा पवन सिंह ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में भी दिये हैं। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में पवन सिंह की जोड़ी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ हिट मानी जाती है। पवन सिंह की गिनती आज भोजपुरी फिल्मों के सबसे बड़े सुपरस्टार के तौर पर होती है। हाल ही में पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी भी ज्वायन किया है।
याद दिला दें कि इससे पहले इसी साल अभिनेता पवन सिंह पर अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ मारपीट का भी आरोप लगा था। एक पत्रकार ने अपने फेसबुक पेज पर इस बात की जानकारी दी थी कि सिलवासा के एक होटल में अक्षरा सिंह और पवन सिंह के बीच मारपीट हुई है। शशिकांत सिंह नाम के एक पत्रकार ने उस वक्त बतलाया था कि नशे की हालत में पवन सिंह ने अक्षरा सिंह का सिर दीवाल से लड़ा दिया था। कहा गया था कि पवन सिंह और अभिनेत्री दोनों एक शूटिंग के सिलसिले में यहां मौजूद थे। उस वक्त किसी बात पर अनबन होने के बाद पवन सिंह ने होटल स्टाफ के सामने ही अक्षरा सिंह की पिटाई कर दी थी।