बिहार में (Bihar Flood) हर साल बाढ़ लोगों के घर बहा ले जाती है। बिहार में बाढ़ का ऐसा मंजर कोई नया नहीं है बल्कि दशकों से राज्य का यही हाल है। कभी भोजपुरी सिनेमा के स्टार खेसारी लाल (Khesari Lal) का घर भी बाढ़ में बह गया था। क्योंकि भोजपुरी सिनेमा में आने से पहले खेसारी लाल के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब थी। मिट्टी के घर में रहते थे लिहाज उनका घर बाढ़ में समा गया था।
बता दें इस समय बिहार के कई हिस्से बाढ़ से जूझ रहे हैं। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं जिसकी वजह से नेपाल से सटे कई जिलों में हाहाकार मचा हुआ है। बिहार में बाढ़ से 16 जिलों की 73 लाख आबादी प्रभावित है। इस बीच भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद को आगे आए हैं।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो खेसारी लाल का ‘खेसारी फाउंडेशन’ इन दिनों महाराजगंज विधान सभा के बड़का, नगवां आदि कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव के कार्य में लगा हुआ है। फाउंडेशन के वर्कर हर बाढ़ प्रभावित तक मदद पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
बिहार में बाढ़ और फाउंडेशन के कार्यों पर बोलते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिहार हर साल बाढ़ से तबाह रहता है। ऐसे में हमारा फर्ज बनता है कि हम बाढ़ पीडितों की मदद करें। हम आज जो कुछ हैं उन लोगों की वजह से ही हैं। इस बार भी बाढ़ ने लोगों का जीवन तबाह कर दिया है। मेरा फाउंडेशन जमीनी स्तर पर लोगों को जरूरत की सामग्री उपलब्ध करवा रहा है।
बिहार बाढ़ का जिक्र करते हुए खेसारी लाल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब वो पैदा होने वाले थे तो उनके गांव में भी उस वक्त बाढ़ से भीषण तबाही हुई थी। उनका घर तक बह गया था। वह दूसरे घर पैदा हुए थे। खेसारी ने कहा था कि तब काफी परेशानी हुई थी। मेरे पिता जी सिर पर चना और सत्तू लेकर बेचा करते थे।