Bhojpuri Song: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (khesari lal yadav) सावन के महीने पर फैंस के लिए सरप्राइज लेकर आए हैं। खेसारी लाल का नया गाना भोजपुरी भक्ति गाना ‘भतीजवा के माई जाई का देवघर’ यूट्यूब पर रिलीज हो गया है। खेसारी लाल यादव का ये गाना भगवान शिव को समर्पित है जो सावन के मौके पर रिलीज किया गया है। हालांकि अभी केवल इस गाने का ऑडियो रिलीज किया गया है। इससे पहले इसी एल्बम का एक और गाना रिलीज किया गया था जिसे फैंस ने भरपूर प्यार दिया था।

इस गाने की पॉपुलैरिटी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अब तक इस गाने को यूट्यूब पर ही 28 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। खेसारी लाल यादव के अलावा इस गाने को अंतरा सिंह प्रियंका ने आवाज दी है। इस गाने के बोल अखिलेश कश्यप ने लिखे हैं वहीं संगीत श्याम सुंदर ने दिया है। रिलीज होने के साथ ही भोजपुरी दर्शकों की जुबान पर ये गाना चढ़ गया था। 4 मिनट 41 सेकंड के इस गाने में खेसारी लाल यादव भगवान शिव की भक्ति में चूर नजर आ रहे हैं।

‘भतीजवा के माई जाई का देवघर’ गाने को अब तक 1 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। गाने के बोल काफी शानदार हैं जो आपको भाव विभोर कर देंगे। खेसारी लाल के इस अंदाज को फैंस पसंद करने के साथ ही जमकर शेयर भी कर रहे हैं। इस गाने को खेसारी ने अपने यूट्यूब चैनल आदिशक्ति फिल्म्स पर रिलीज किया है। खेसारी के यूट्यूब पर 4 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं जिसके चलते उनका हर एक गाना काफी सुना और पसंद किया जाता है।

खेसारी लाल यादव के लॉकडाउन के दौरान भी दर्जनों गाने रिलीज हो चुके हैं। वहीं पवन सिंह और रितेश पांडे के गाने भी लॉकडाउन में छाए हुए हैं। खेसारी लाल के एक गाने- ‘भतार भटियारा रहता जाके आरा’ को लेकर काफी विवाद भी हो गया था। लोगों ने खेसारी लाल पर आरोप लगाया था कि ये गाना उन्होंने पवन सिंह को टारगेट करते हुए गाया था। खेसारी लाल ने इससे इंकार करते हुए लोगों से इस विवाद को ना बढ़ाने की अपील की थी।