Khesari Lal Yadav: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का हर एक गाना सोशल मीडिया पर खूब वायरल होता है और जमकर सुना जाता है। इस बीच खेसारी लाल का नया गाना रेड लिपस्टिक (Red Lipstick) रिलीज हो गया है। खेसारी लाल यादव के इस गाने की पॉपुलैरिटी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अब तक इस गाने को यूट्यूब पर ही 17 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं इस गाने को 78 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।

खेसारी लाल यादव के इस गाने का फिलहाल ऑडियो रिलीज किया गया है। लेकिन इस गाने की पॉपुलैरिटी को देखते हुए ऐसा लगता है कि बहुद जल्द इस गाने का वीडियो भी रिलीज कर दिया जाएगा। खेसारी का यह गाना काफी मजेदार है। गाने को खेसारी लाल यादव और खुशबू तिवारी ने गाया है। खुशबू तिवारी की आवाज गाने में एकदम फिट बैठ रही है और उन्होंने अपनी दमदार आवाज से समा बांध दिया है। गाने ‘रेड लिपस्टिक’ के बोल यादव राज ने लिखे हैं। गाने का संगीत जो आपको थिरकने पर मजबूर कर देगा वह आर्य शर्मा ने दिया है।

रिलीज होने के साथ ही भोजपुरी दर्शकों की जुबान पर ये गाना चढ़ गया था। खेसारी लाल के नए गाने को फैंस पसंद करने के साथ ही जमकर शेयर भी कर रहे हैं। खेसारी लाल यादव के लॉकडाउन के दौरान भी दर्जनों गाने रिलीज हो चुके हैं। वहीं खेसारी के अलावा भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह और रितेश पांडे के गाने भी लॉकडाउन में छाए हुए हैं।

बता दें कि हाल ही में रिलीज हुए खेसारी लाल के एक गाने-‘भतार भटियारा रहता जाके आरा’को लेकर काफी विवाद भी हो गया था। लोगों ने खेसारी लाल पर आरोप लगाया था कि ये गाना उन्होंने पवन सिंह को टारगेट करते हुए गाया था। खेसारी लाल ने इससे इंकार करते हुए लोगों से इस विवाद को ना बढ़ाने की अपील की थी। वहीं पवन सिंह को भी कई मौकों पर खेसारी लाल को अपना भाई कहते हुए सुना गया है। इंस्टाग्राम लाइव के दौरान पवन सिंह ने कहा था कि खेसारी लाल उनका भाई है और वह चाहते हैं कि खेसारी खूब आगे बढ़े।