भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह बेहद दमदार एक्ट्रेस मानी जाती हैं। हाल के दिनों में उन्होंने अपनी पहचान एक सिंगर के तौर पर भी स्थापित की है। अक्षरा सिंह की परिवारिक पृष्ठभूमि भी फिल्मी रही है। उनकी मां नीलिमा सिंह और पिता बिपिन सिंह दोनों ही थियेटर बैकग्राउंड से रहे हैं। दोनों ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में भी काम किया है।

अक्षरा सिंह की मां नीलिमा सिंह भोजपुरी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। वो अधिकतर नेगेटिव किरदार ही निभाती हैं लेकिन फिर भी उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है। नीलिमा सिंह को स्टार भारत के शो, ‘निमकी मुखिया ‘ से काफी पहचान मिली थी।

अनारो देवी के किरदार में लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया। इस शो में नीलिमा ने एक खतरनाक सास की भूमिका निभाई जिसकी खूब सराहना हुई। उनके इसी तरह के किरदारों से उन्हें, ‘सबसे खतरनाक सास’ माना जाता है।

 

भोजपुरी फिल्मों में नीलिमा सिंह ने नेगेटिव के अलावा कुछ पॉजिटिव किरदार भी निभाए है लेकिन लोगों ने उनके नेगेटिव किरदारों को ज्यादा प्यार दिया है। इस बात पर नवभारत टाइम्स से बातचीत में नीलिमा सिंह ने कहा था, ‘भोजपुरी फिल्मों में मैंने ज्यादातर भूमिकाएं नेगेटिव की। हालांकि ऐसा नहीं कि मुझे पॉजिटिव भूमिकाएं पसंद नहीं, और मैंने किया भी है। पर नेगेटिव भूमिका में दर्शकों ने अधिक प्यार दिया है।’

 

अक्षरा सिंह के ऊपर भी अपनी मां और पिता का असर हुआ और वो भी एक्टर बन गईं। उन्होंने इस बारे में हाल ही में एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में बताया, ‘मेरी परवरिश थियेटर बैकग्राउंड में हुई है। मेरे मम्मी- पापा दोनों ही काम कर रहे थे एनएसडी में। उनका थियेटर करते दिन बीता था। जब आप वैसे माहौल में पले बढ़े हैं तो इसका मतलब ये हुआ कि आप भी एक एक्टर ही हैं। आप सीख के आए हैं। म्यूजिक और एक्टिंग मेरे रोम- रोम में है।’