भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं। उनकी कई सारी फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुई हैं। इस इंडस्ट्री के ‘पावरस्टार’ कहे जाने वाले पवन सिंह के साथ उनकी जोड़ी फिल्मों में हिट माना जाती है। इन दोनों ने कई हिट फिल्में इंडस्ट्री को दिये हैं। जल्दी ही अक्षरा सिंह एक नई फिल्म में नजर आने वाली हैं। लेकिन इस बार उनकी जोड़ी पवन सिंह के साथ नहीं बल्कि भोजपुरी अभिनेता अमरीश सिंह के साथ नजर आएगी। अक्षरा सिंह पहली बार अभिनेता अमरीश सिंह के साथ किसी फिल्म में काम करती नजर आएंगी। इस फिल्म में अक्षरा सिंह ने अमरीश की पत्नी का किरदार अदा किया है।
फिल्म की कहानी महिलाओं के संघर्ष पर आधारित है। फिल्म में अक्षरा सिंह ने एक ऐसी महिला का किरदार अदा किया है जो अरेंज मैरेज नहीं करना चाहती है। अपने प्यार को पाने के लिए यह महिला क्या-क्या पापड़ बेलती है? फिल्म इसी थीम पर आधारित है। अमरीश ने मीडिया से बात करते हुए अपनी खुशी भी जाहिर की है। उन्होंने कहा- वह अक्षरा सिंह के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं और उनके साथ काम करने के लिए वह लंबे समय से प्लांनिंग कर रहे थे। वहीं अक्षरा सिंह ने कहा है कि ‘ऐसी फिल्म में उनके लिए काम करना किसी चैलेंज से कम नहीं है, क्योंकि फिल्म की कहानी काफी अलग है, इसलिए इस फिल्म मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं।’
फिल्म के निर्देशक विष्णु शंकर बेलु हैं। अभिनेता अमरीश ने कहा कि फिल्म की शूटिंग 12 नवंबर से शुरू होगी। फिल्म के निर्माता रामकमल गुप्ता हैं जबकि फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर धनंजय मिश्रा हैं। इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है। निर्माताओं का कहना है कि जल्द ही फिल्म के नाम के बारे में सूचना दी जाएगी।