भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे एक बार फिर सिने पर्दे पर लोगों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। दोनों की फिल्म ‘निरहुआ चलल लंदन’ जल्दी ही पर्दे पर आने वाली है। इन कलाकारों के चाहने वालों को उनकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। लेकिन फिल्म के रिलीज होने से पहले फिल्म का एक गाना इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। फिल्म का सॉन्ग ‘गोरी तोहार कमर लचकउआ’ लोगों को काफी पसंद आ रहा है। गाने में आम्रपाली दुबे और निरहुआ का बिंदास अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है।

इस गाने की खासियत यह है कि इस गाने में पंजाबी तड़का है और यह गाना दलेर मेहंदी के गाए गीत ‘बोलो तारा रारा’ से काफी प्रेरित है। एक और दिलचस्प बात यह है कि अभिनेता निरहुआ ने खुद इस गाने को गाया भी है। भोजपुरी गाने में पंजाबी तड़के का अंदाज लोगों को काफी पसंद आया है। इस गाने के बोल आजाद सिंह ने लिखे हैं और संगीत मधुकर आनंद ने दिया है। इस गाने में इस जोड़ी ने धमाकेदार डांस परफॉरमेंस भी दिया है।

देखें वीडियो:

जानकारी के मुताबिक यह फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हो सकती है। बहरहाल यू-ट्यूब पर सॉन्ग ‘गोरी तोहार कमर लचकउआ’ को अब तक 18 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

बता दें कि निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे हिट जोड़ी में शुमार है। इस जोड़ी ने अब तक कई हिट फिल्में दी हैं। जल्दी ही दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे डिजीटल वर्ल्ड में भी एंट्री लेंगे। यह मशहूर जोड़ी वेब सीरीज ‘हीरो वर्दीवाला’ में नजर आएगा। इस सीरीज को महेश पांडे ने लिखा है। इसमें करन पांडे, विक्रांत सिंह राजपूत और विनोद मिश्रा जैसे कलाकारों ने काम किया है। बता दें कि पिछले साल छठ के मौके पर निरहुआ की फिल्म निरहुआ हिन्दुस्तानी-3 पर्दे पर रिलीज हुई थी और दर्शकों को काफी पंसद भी आई थी।