अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2018 में भोजपुरी कलाकारों की उपस्थिति ने अब तक खूब सुर्खियां बटोरी हैं। मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित इस अवार्ड समारोह में भोजपुरी मेगा स्टार रवि किशन, सुपर स्टार दिनेश लाल यादव और पवन सिंह जैसे दिग्गज कलाकार मौजूद थे तो वहीं आम्रपाली दूबे, सुभि शर्मा, संभावना सेठ, जैसी अभिनेत्रियों ने भी इस अवार्ड समारोह में मौजूद होकर इसकी शोभा बढ़ाई। भोजपुरी फिल्मों की बेहतरीन अदाकारा आम्रपाली दुबे मलेशिया में मेगा स्टार रवि किशन के साथ पार्टी करती नजर आईं।

आम्रपाली दुबे ने पार्टी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। इस वीडियो में रवि किशन और आम्रपाली दुबे पार्टी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के बैकग्राउंड में गाना भी सुनाई दे रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। जल्दी ही यह जोड़ी जय वीरू, निरहुआ चलल लंदन, वीर योद्धा महाबली, पटना जंक्शन, निरहुआ चलल अमेरिका समेत कई फिल्मों में नजर आएगी।

इससे पहले भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ने भी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ अपनी एक सेल्फी सोशल मीडिया पर डाला था। इस सेल्फी को कई लोगों ने पसंद किया था। सेल्फी के साथ ‘निरहुआ’ ने लिखा था कि ‘मलेशिया में मस्ती।’ भोजपुरी फिल्मों में आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव की जोड़ी सफलता की गारंटी मानी जाती है।

आपको बता दें कि इस अवार्ड सेरेमनी में आम्रपाली दुबे को बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक का अवार्ड दिया गया है। रवि किशन को नजीर हुसैन सम्मान से नवाजा गया है। बता दें कि नजीर हुसैन को भोजपुरी फिल्मों का जन्मदाता माना जाता है। अवार्ड समारोह में बेस्ट एक्टर का अवार्ड दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को दिया गया। बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब अंजना सिंह को दिया गया। मशहूर अभिनेता पवन सिंह को मोस्ट पॉपुलर एक्टर और बेस्ट सिंगर के अवार्ड से सम्मानित किया गया। मनोज तिवारी को Incredible India International Bhojpuri Legend Award से नवाजा गया।