टीवी सीरियल ‘भाबीजी घर पर हैं’ फेम एक्ट्रेस शुभांगी अत्रे के एक्स हसबैंड को लेकर खबर सामने आई है कि पीयूष पूरे का शनिवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि पीयूष पूरे पिछले काफी समय से लिवर सिरोसिस से परेशान थे। अंत में इस बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद वो जिंदगी की जंग हार गए और दुनिया को अलविदा कह गए। ऐसे में शुभांगी ने भी इस दुख घड़ी में रिएक्शन दिया और फैंस के सपोर्ट के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
एक्स हसबैंड पीयूष पूरे के निधन की खबर से शुभांगी अत्रे भी दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने मुश्किल घड़ी में फैंस के सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा किया और विनती करते हुए कहा कि उन्हें इस पर बात करने के लिए थोड़ा वक्त चाहिए। शुभांगी ने इस दुखद खबर की जानकारी बेटी आशी को भी दी है। इस खबर के बाद एक्ट्रेस अंदर से टूट चुकी हैं।
आपको बता दें कि शुभांगी अत्रे और पीयूष की शादी साल 2003 में हुई थी और ये कपल करीब 22 साल तक साथ रहा लेकिन, बाद में दोनों इसी साल अलग हो गए। शुभांगी और पीयूष का 5 फरवरी, 2025 को तलाक हो गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि शुभांगी और पीयूष की पहले ही बातचीत बंद हो गई थी। भले ही उनकी बात नहीं होती थी लेकिन, फिर भी शुभांगी एक्स हसबैंड के निधन से दुखी हैं। पीयूष के निधन के एक दिन बाद ही अभिनेत्री काम पर वापस लौट चुकी हैं। क्योंकि उन पर जिम्मेदारियां काफी हैं। रविवार को एक्ट्रेस ने सीरियल ‘भाबीजी घर पर हैं’ की शूटिंग शुरू कर दी है।
तलाक पर क्या बोली थीं शुभांगी अत्रे?
शुभांगी अत्रे ने तलाक के बाद पीयूष पूरे संग रिश्ते पर बात की थी। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में बताया था कि ये उनके लिए काफी दुखद था। उन्होंने इस रिश्ते को अपना सब कुछ दिया था। अभिनेत्री ने बताया था कि वक्त के साथ उनके और पीयूष के बीच काफी फासले हो गए थे, जिसे मिटा पाना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था। शुभांगी ने बताया था कि शादी खत्म होने के बाद अब वो सुकून महसूस कर रही हैं। उनको लगता है जैसे कोई बोझ था और अब वो हट गया है।
वहीं, तलाक लेने के पीछे की वजह के बारे में बात करते हुए शुभांगी ने बताया था कि करीब एक साल से ज्यादा वक्त हो गया था और वो साथ नहीं रह रहे हैं। पीयूष और शुभांगी ने अपनी शादी बचाने की हर कोशिश की। उनका मानना है कि एक-दूसरे को इज्जत देना, साथ निभाना, भरोसा और दोस्ती किसी भी रिश्ते की बुनियाद होते हैं। उन्होंने अपने रिश्ते में महसूस किया था कि वो आपसी दूरियों को मिटा नहीं पा रहे थे। इसकी वजह से दोनों ने एक-दूसरे को स्पेस देने और अपने करियर में आगे बढ़ने का फैसला किया।