‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विनर एल्विश यादव (Elvish Yadav) का नाम नोएडा रेव पार्टी और सांपों के जहर की तस्करी मामले में सामने आने के बाद से काफी हलचल है। यूट्यूबर ने इस मामले पर अपनी सफाई भी दे दी है। उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। फैंस उनका नाम सामने आने के बाद उनके सपोर्ट में आ गए हैं। ऐसे में एल्विश यादव का ये कोई पहला विवाद नहीं है जब वो चर्चा में हैं। इससे पहले उनका विवादों से पुराना नाता रहा है। इस मौके पर आपको उनसे जुड़े विवादों के बारे में बताते हैं…
एल्विश यादव ने स्वरा भास्कर से लिया था पंगा
इसकी शुरुआत स्वरा भास्कर से करते हैं। एल्विश और स्वरा का विवाद काफी पुराना है। मामला साल 2018 का है, जब फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ को रिलीज किया गया था। इस दौरान एक्ट्रेस ने यूट्यूबर पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनकी फिल्म के खिलाफ नेगेटिव कैंपेन चलाया था। मामला कुछ ऐसा था कि दोनों के राजनीतिक विचार अलग होने की वजह से वो आपस में भिड़ गए थे और इस बीच स्वरा ने एल्विश के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।
कुशा कापिला और आशिका भाटिया संग रहा विवाद
एल्विश यादव का कुशा कापिला और आशिका भाटिया से भी पंगा रहा है। यूट्यूबर ने दोनों को रोस्ट किया था और इनके बीच खूब विवाद हुआ था। आशिका ने एल्विश पर बॉडी शेमिंग का आरोप लगाया था और फिर जमकर लताड़ भी लगाई थी।
सलमान खान को किया था रोस्ट
मामला 2019 का है, जब एल्विश यादव ने सलमान खान को रोस्ट किया था। उन्होंने अपने व्लॉग में भाईजान को रोस्ट भी किया था। एल्विश ने अपने वीडियो में कहा था कि पूरी इंडस्ट्री सलमान से डरती है और उन्होंने कइयों का करियर बर्बाद किया और सिर्फ महिलाओं को ही इंडस्ट्री में लॉन्च किया। उन पर काला हिरण और हिट एंड रन का केस चल रहा है।
ध्रुव राठी संग एल्विश का पंगा
यूट्यूबर ध्रुव राठी के साथ भी एल्विश यादव का पंगा रहा। साल 2021 में इनके बीच झगड़ा हुआ था, जो कि इनकी आइडियोलॉजी को लेकर थी। यूट्यूबर ने ध्रुव को अपने वीडियो में रोस्ट किया था और कई आरोप लगाए थे। दोनों के बीच सोशल वॉर देखने के लिए मिली थी।
गमला चोरी में फंसा नाम
एल्विश यादव का नाम गमला चोरी में भी फंस चुका है। दरअसल, जी-20 में गुरुग्राम का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शख्स को फूलों का गमला चोरी करते हुए देखा गया था। इस शख्स का नाम मनमोहन यादव बताया गया था, जिसका कनेक्शन एल्विश के साथ बताया जा रहा था। इन आरोपों के बाद एक्टर ने सफाई दी थी कि उनका गमला चोर के साथ कोई कनेक्शन नहीं है।
एल्विश के गाने पर हुआ विवाद
इतना ही नहीं एल्विश यादव ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ जीतने के बाद तब चर्चा में आए जब उनका उर्वशी रौतेला के साथ गाना रिलीज किया गया। इस गाने का टाइटल ‘हम तो दीवाने’ था। इसमें वो ‘आदाब’ करते देखे गए थे। इसके बाद वो एक स्टेप के बाद लोगों के निशाने पर आ गए थे और लोगों ने कहा था कि वो तो राम भक्त हैं और ये सब क्यों कर रहे हैं? हालांकि, बाद में एक्टर ने इस सीन को हटा दिया था।
अभिषेक मल्हान से रही गहमा-गहमी
एल्विश यादव और अभिषेक मल्हान के बीच गहमा-गहमी रही। इनके बीच दोस्ती के साथ-साथ खटास भी रही। शो जीतने के बाद एल्विश और अभिषेक ने एक-दूसरे पर बिना नाम लिए कई आरोप लगाए थे। यूट्यूबर ने बिना नाम लिए आरोप लगाया था कि फुकरा इंसान ने उनके खिलाफ नेगेटिव कैपेनिंग करवाई है।