बॉलीवुड स्टार वरुण धवन और आलिया भट्ट की फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया के ओवरऑल कलेक्शन की बात करें तो यह 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। हालांकि यदि सिर्फ भारतीय कलेक्शन को देखें तो अभी फिल्म को 100 करोड़ का आंकड़ा छूने में कुछ वक्त और लग सकता है। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही शशांक शेखर निर्देशित यह फिल्म शुक्रवार को भारत में 12.25 करोड़ के आंकड़े के साथ खुली और शनिवार को इसने 14.75 करोड़ की कमाई की, रविवार को फिल्म ने अब तक का सबसे ज्यादा 16.05 करोड़ का कलेक्शन किया और सोमवार को यह 12.08 करोड़ का कांटा छू सकी। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार के आंकड़ों की बात करें तो यह कमाई क्रमशः 7.25, 5.95 और 5.06 करोड़ रुपए रही। फिल्म का भारत में अब तक का कुल कलेक्शन 73.66 लाख रुपए हो चुका है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक जहां फिल्म दूसरे हफ्ते भी सिनेमाघरों में राज करने वाली है वहीं इंडिया टुडे न्यूज नेटवर्क की वेबसाइट आज तक डॉट इंडियाटुडे डॉट इन के मुताबिक फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा छू चुकी है। फिल्म की बात करें तो बद्रीनाथ की दुल्हनिया बद्रीनाथ बंसल(वरुण धवन) और वैदेही(आलिया भट्ट) की कहानी है। झांसी के रहने वाले बद्रीनाथ को कोटा की रहने वाली वैदेही से प्यार हो जाता है। वैदेही एक पढ़ी-लिखी लड़की है, वह अपने दिल की बात करती है, सबकी इज्जत करती है। दोनों की सोच काफी अलग है। लेकिन दोनों साथ आगे बढ़ते हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह दोनों की लव स्टोरी की शुरुआत होती है और एक मोड़ पर आकर पहुंचती है।
फिल्म देखकर निकली ऑडियंस की मानें तो वरुण धवन और आलिया भट्ट ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है। दोनों की केमिस्ट्री इससे पहले भी दर्शकों को पसंद आई है। अपनी इसी केमिस्ट्री के दम पर वो एक बार फिर वही जादू चलाने में कामयाब दिख रहे हैं। शायद आपको पता नो हो तो बता दें कि इस फिल्म में अकांक्षा सिंह, गौहर खान, श्वेता बसु प्रसाद, पुनीत सिंह रतन और रितुराज सिंह सपोर्टिंग रोल में हैं।