फिल्म एक्टर आशीष विद्यार्थी ने करीब एक महीने पहले असम की रहने वाली रूपाली बरुआ के साथ दूसरी शादी की है। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स को ये बात कतई पसंद नहीं आई। किसी ने उनपर पहली पत्नी राजोशी को धोखा देने का आरोप लगाया तो किसी ने उनकी उम्र को लेकर उन्हें ट्रोल किया। लोग उन्हें 60 साल का बताते हुए उनकी शादी का मजाक उड़ा रहे थे।

एक्टर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर सभी को पहली पत्नी संग रिश्ते की सच्चाई बताई और साथ ही कहा कि उनकी उम्र 57 साल है। अब एक्टर अपनी नई लाइफ पार्टनर के साथ सिंगापुर में घूम रहे हैं। उन्होंने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। कई लोगों ने उनकी पोस्ट पर प्यार लुटाया है, लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जो उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं।

तस्वीर में आशीष ने येलो रंग की फ्लोरल प्रिंट शर्ट पहनी है और साथ में हैट लगाई है। वहीं उनकी पत्नी पिंक ड्रेस के साथ मैचिंग हैट पहने दिख रही हैं। दोनों साथ में बेहद खूबसूरत दिख रहे हैं। लेकिन यूजर्स को ये पसंद नहीं आया और उनकी पोस्ट पर बुरे कमेंट्स कर दिए। एक यूजर ने लिखा,”आपको हम बहुत अच्छा एक्टर मानते थे लेकिन आपने एक पत्नी को छोड़ कर दूसरी शादी कर ली, ये अच्छा नहीं किया।” वहीं तमाम लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

बूढ़ा कहने पर एक्टर ने दिया था मुंह तोड़ जवाब

आशीष विद्यार्थी को शादी करने पर तमाम लोगों ने बूढ़ा बुलाया था। जिन्हें एक्टर ने मुंह तोड़ जवाब दिया था। इंडिया टुडे से बात करते हुए एक्टर ने कहा था,”मैंने शादी के बाद अपने बारे में ‘बूढ़ा, और ख़ूसट’ जैसे कई अपमानजनक शब्द पढ़े। उम्र को लेकर लोगों ने जिस तरह की बातें लिखीं। मुझे समझ नहीं आया कि आखिर इतने खराब शब्दों का प्रयोग क्यों किया गया। हर कोई उम्र में बूढ़ा होगा।”

“मैंने दूसरी शादी की तो, मैंने क्या गलत कर दिया। मैं एक भारतीय नागरिक हूं। जिम्मेदार इंसान हूं। बिल्स भरता हूं।टैक्स भरता हूं। तो मुझे क्यों अपनी पसंद की जिंदगी जीने का अधिकार नहीं। मैं अपनी लाइफ से प्यार करता हूं। मुझे जो करना था मैंने किया। मेरी पत्नी ट्रोलिंग से काफी परेशान हुई है। जिसकी भी उम्र बढ़ रही है तो क्या उन लोगों को अकेले दुखी होकर मर जाना चाहिए? अगर किसी को साथ चाहिए तो क्यों न करें शादी?”