Singer Asha Bhosle Birthday: म्यूजिक आइकन आइकन आशा भोसले 8 सितंबर को 90 साल की हो चुकी है। वह इस खास दिन पर ग्रैंड जश्न मनाने वाली हैं। आशा भोसले अपने जन्मदिन पर दुबई में लाइव शो के साथ परफॉर्म करने वाली हैं। इसे लेकर वह काफी एक्साइटेड हैं। इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में उन्होंने अपने जन्मदिन पर स्पेशल कॉन्सर्ट करने को लेकर बात की।

आशा भोसले ने कहा, “मुझे असाधारण चीजें करना पसंद है। मैंने अपने 90वें जन्मदिन पर एक शानदार संगीत कार्यक्रम करने का फैसला किया। मुझे नहीं लगता है कि दुनिया में किसी ने भी यह उपलब्धि हासिल की है। संगीत मेरा जीवन रहा है। इसने मुझे बहुत कुछ दिया है।”

बता दें कि आशा भोसले अपना जन्मदिन अक्सर अपने परिवार के साथ मनाती हैं। उनके जन्मदिन पर वह पार्टी भी रखती हैं लेकिन इस बार वो कुछ हटके कर रही हैं। इसपर उन्होंने कहा, “ये जन्मदिन अलग है। मैं 90 साल की होने वाली हूं। तो मैंने सोचा, 90 साल का होने का इससे बेहतर तरीका क्या हो सकता है कि कोई संगीत कार्यक्रम आयोजित करूं।” उनका जन्मदिन संगीत कार्यक्रम, जिसका नाम ‘आशा@90’ है, 8 सितंबर को दुबई के कोका-कोला एरिना में आयोजित किया जा रहा है।

आशा भोसले का म्यूजिक करियर 8 दशकों से चला आ रहा है। उन्होंने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक बेहतरीन गाने दिए हैं। गायिका का मानना ​​है कि उम्र के साथ उनका “संगीत के साथ जुड़ाव और मजबूत हुआ है। इसपर उन्होंने कहा, “मैं अब सिर्फ एक धुन नहीं गाती, मैं अपनी रगों में सुरों को उमड़ता हुआ महसूस करती हूं। यह लगभग वैसा ही है जैसे मैं संगीत देखती हूं। इसे समझाना कठिन है। इसे समझने के लिए इसे महसूस करना होगा।” 1933 में जन्मी गायिका, गायक दिवंगत दीनानाथ मंगेशकर की बेटी हैं।

आशा भोसले ने 10 साल की उम्र में मराठी फिल्म माझा बल (1943) के साथ सिंगिग करियर की शुरुआत की थी। पांच साल बाद, उन्होंने 1949 की फिल्म रात की रानी में अपना पहला एकल हिंदी फिल्म गीत रिकॉर्ड किया। यही वह साल था जब उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर महल (1949) में ‘आएगा आने वाला’ से मशहूर हुईं थी।