अर्जुन रामपाल की अपकमिंग बायोपिक फिल्म ‘डैडी’ के टीजर और ट्रेलर ने दर्शकों में जिज्ञासा की लहर सी छोड़ दी है। फिल्म अगले महीने रिलीज होने जा रही है लेकिन अर्जुन अभी से फिल्म के प्रमोशन में जुट गए हैं। फिल्म में अर्जुन अरुण गवली के किरदार में नजर आने वाले हैं। यूं तो ट्रेलर के आने के बाद इससे जुड़ी कई बातें सोशल मीडिया पर आ चुकी हैं लेकिन हम आपको आज बताने जा रहे हैं इसी फिल्म से जुड़े कुछ ऐसे फैक्ट जिन्हें जान कर आप हैरान रह जाएंगे।
1. फिल्म में अर्जुन अरुण गवली का किरदार निभाने जा रहे हैं और उनके बारे में एक डॉन से ज्यादा यह मशहूर है कि वह अपने लोगों का पूरा साथ देते थे। उनकी इसी आदत के चलते दगड़ी चॉल के लोग अरुण से बहुत प्यार करते थे और हमेशा उनके साथ खड़े रहते थे।
2. अपनी इमेज के विपरीत अरुण हमेशा जरूरतमंदों की मदद किया करते थे। वह हर अच्छे बुरे वक्त में उनके साथ रहा करते थे। अरुण देखते ही देखते अपने इलाके के गॉडफादर बन गए थे।
3. अरुण का परिवार भगवान गणेश का परम भक्त था। वे हमेशा गणेश चतुर्थी का त्यौहार धूम-धाम से मनाया करते थे। आज भी उनके परिवार में इस मौके पर खूब उल्लास रहता है और इसे फिल्म में भी दिखाया गया है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में अरुण गवली पिछले साल लालबाग का राजा के दरबार गए ताकि अपनी फिल्म के लिए दुआ मांग सकें।
4. अरुण गवली के बच्चे गीता गवली, महेश गवली और योगिता गवली ने कॉन्वेंट स्कूल और शहर के नामचीन कॉलेजों में पढ़ाई की थी।
5. अरुण का दौर माफियाओं और डॉन का दौर हुआ करता था। वह दौर अब नहीं रहा, लेकिन लोग यह जरूर देखना और जानना चाहते हैं कि उस वक्त चीजें किस तरह हुआ करती थीं। फिल्म उस सब के बारे में ही बताती और दिखाती है।
6. अरुण गवली की पत्नी एक मुस्लिम थीं (जुबैदा) और शादी के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर आशा रख लिया था।