अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा इन दिनों अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात कर रहे हैं। अर्जुन के जन्मदिन पर अपना रिश्ता सार्वजनिक करने वालीं मलाइका के फैन्स अब कपल की शादी के बारे में जानना चाहते हैं। हालांकि दोनों ने अभी तक शादी की खबरों पर चुप्पी साध रखी थी। लेकिन एक ताजा इंटरव्यू में अर्जुन ने मलाइका संग शादी के प्लान का खुलासा किया है।
अर्जुन कपूर ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में कहा कि अभी फिलहाल उनका शादी का कोई प्लान नहीं है। मलाइका और वह अभी कपल होने का आनंद उठा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कभी-कभी आपका केवल रिलेशनशिप में रहना जरूरी होता है। आपको लोगों के मुताबिक अपने रिलेशनशिप को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं होती। वहीं मलाइका अरोड़ा ने भी शादी के सवाल पर एक इंटरव्यू में कहा था, ”यह हमारा पर्सनल मैटर है। इस बारे में मैं बात नहीं करना चाहती हूं।”
जब मलाइका से उनके रिलेशनशिप पर उनके बेटे के रिएक्शन पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके बेटे अरहान ने दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। इस बारे में हमारी बातचीत भी हो चुकी है। अर्जुन कपूर की फिल्म ‘इंडियाज मोस्ट वॉन्टेड’ के प्रमोशन के दौरान भी अर्जुन कपूर ने मलाइका के साथ अपने रिश्ते पर बात की थी। अर्जुन ने कहा था कि वो नहीं चाहते कि लोगों को ऐसा लगे कि हम अभी भी अपने रिश्ते को छुपा रहे हैं। बता दें कि अर्जुन और मलाइका इनदिनों न्यूयॉर्क में छुट्टियां बिता रहे हैं। कपल ने सोशल मीडिया पर अपनी ट्रिप की कई तस्वीरों को शेयर भी किया है।