बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अगले माह अपना 30वां जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रही हैं। अनुष्का शर्मा इस बार अपना जन्मदिन काम से दूर अपने पति और क्रिकेट सुपरस्टार विराट कोहली और अपने कुछ नजदीकी दोस्तों के साथ आरसीबी के गढ़ बेंगलुरु में मनाना चाहती हैं। अनुष्का शर्मा इन दिनों दो फिल्मों पर एक साथ काम कर रही हैं और उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है। यही वजह है कि अनुष्का अपना बर्थडे सेलिब्रेशन काफी निजी रख रही हैं, ताकि परिवार के साथ आराम से एंजॉय कर सकें।

बता दें कि अनुष्का फिलहाल आनंद एल राय की फिल्म जीरो में काम कर रही हैं, जिसमें उनके साथ बॉलीवुड किंग शाहरुख खान और कैटरीना कैफ भी दिखाई देंगी। जीरो के अलावा अनुष्का इन दिनों वरुण धवन के साथ सुईं धागा फिल्म में भी काम कर रही हैं। व्यस्त रहने के कारण अनुष्का अपने पति विराट कोहली के साथ ज्यादा वक्त नहीं बिता पा रही हैं। ऐसे में अनुष्का का बर्थडे ऐसा मौका होगा, जब ये कपल एक दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकेगा।

विराट कोहली इन दिनों आईपीएल में व्यस्त हैं, जिसमें वह आरसीबी की कप्तानी कर रहे हैं। हाल ही में बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब और आरसीबी के मैच में भी अनुष्का स्टेडियम में विराट को चीयर करते दिखाई दी थी। उल्लेखनीय है कि दोनों ने बीते साल 11 दिसंबर को इटली में एक निजी समारोह में शादी की थी। इसके बाद दोनों की शादी के 2 रिसेप्शन हुए थे, जो कि दिल्ली और मुंबई में आयोजित किए गए थे। हाल ही में विराट कोहली ने अपनें इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी और अनुष्का की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के कैप्शन में कोहली ने अनुष्का को ‘बेहद खूबसूरत’ करार दिया है। विराट और अनुष्का की यह तस्वीर लोग काफी पसंद कर रहे हैं। सानिया मिर्जा और दिया मिर्जा समेत कई सेलेब्रिटी ने भी इस तस्वीर को लाइक किया है।