बॉलीवुड के चर्चित प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप इन दिनों अपनी आगामी फिल्म दोबारा को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में नजर आने वाली हैं। बेहतरीन फिल्में बनाने वाले अनुराग कश्यप हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। अनुराग को सुनना और उनकी फिल्में देखना दर्शक काफी पसंद करते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान फिल्ममेकर ने बताया है कि एसएस राजामौली की फिल्म RRR ऑस्कर नॉमिनेशंस तक आराम से पहुंच सकती है।
आरआरआर हो सकती है ऑस्कर के लिए नामांकित
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने कहा कि पश्चिम आरआरआर को एक अलग नजरिए से देखता है। वो इसे पसंद कर रहे हैं। अगर आरआरआर भारतीय का चयन बनती है तो इस बात के 99 फीसदी चांस हैं कि फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट होगी। आरआरआर ने विश्व सिनेमा में ऐसा असर पैदा किया है। अगर यह फिल्म भेजी जाती है तो फाइनल फाइव में भारत की एंट्री हो सकती है। साउथ ने राजामौली के रूप में एक नया फिल्ममेकर खोज ली है।
आरआरआर को लोग हॉलीवुड में भी पसंद कर रहे हैं
अनुराग कश्यप ने यहां तक दावा किया कि वेस्ट को यह फिल्म मारवल की फिल्मों से बेहतर लग रही है। इसके एक्शन के साथ डांसिंग पर भी लोग फिदा हो रहे हैं। ऐसी कोरियोग्राफी पिछले कई सालों में नहीं देखी गयी है।
फिल्ममेकर ने आगे कहा कि आरआरआर वो फिल्म बन गयी है, जिसे लोग सीक्वेंस वाइज देख रहे हैं। यह ऐसी फिल्म है, जिसे आप कहीं से भी देख सकते हैं। आरआरआर को लेकर हॉलीवुड में भी देखना पंसद कर रहे हैं। मुझे नहीं पता कि लोग कौन सी फिल्म को चुनेंगे। मैं आशा करता हूं कि बस कश्मीर फाइल्स को ना भेजें।
साउथ और हिंदी फिल्मों की तुलना पर बोले अनुराग कश्यप
अनुराग कश्यप ने साउथ और हिंदी फिल्मों को लेकर तुलना पर कहा कि जितना बताया जा रहा है स्थिति उतनी खराब नही है। फिल्म निर्माता केवल मीडिया में बनाई जा रही कहानी से डर महसूस कर रहे हैं। उनको डराया जा रहा है, क्योंकि कुछ लोग इसे खरीद लेते हैं और दूसरे नहीं। बॉलीवुड में हर तरीके की फिल्में बनाई जा रही हैं और बड़ी फिल्मों को लेकर सिर्फ धारणाएं बनाई जा रही हैं। अनुराग कश्यप ने आगे कहा कि लोगों को कैसे पता कि साउथ की सभी फिल्में चल रही हैं। उनको पता ही नहीं होगा कि पिछले हफ्ते वहां कौन सी फिल्म रिलीज हुई क्योंकि वहां भी यही हाल है।