‘तांडव’ फिल्म को लेकर हुए विवाद के बाद, अलग स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाले कई वेब शो और फिल्में या तो बंद कर दी गईं या उन पर दोबारा काम करना पड़ा। इसका नुकसान अनुराग कश्यप के प्रोजेक्ट ‘मैक्सिमम सिटी’ पर भी पड़ा। प्री-प्रोडक्शन से ठीक पहले, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने देश के राजनीतिक माहौल का हवाला देते हुए प्रोजेक्ट से बैकआउट कर लिया। इस बात का अनुराग कश्यप को ऐसा सदमा लगा कि उन्हें दिल का दौरा पड़ गया।
हाल ही में द वॉशिंगटन पोस्ट को दिए इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने इसके बारे में काफी कुछ बताया। उनके मुताबिक ‘मैक्सिमम सिटी’ उनका बेस्ट वर्क था। फिल्ममेकर ने कहा, “ये मेरा बेस्ट वर्क था। मैंने इतनी ईमानदार से और इतना खास काम कभी नहीं किया।” कश्यप को ये भी नहीं पता कि उनके लिखे हुए कंटेंट के कारण नेटफ्लिक्स ने बैकआउट किया था या वह खुद उस वक्त स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सेंसिटिव मुद्दा बने हुए थे।
इस घटना से अनुराग कश्यप के जीवन पर बुरा असर पड़ा था। इसके बारे में बताते हुए अनुराग ने कहा कि वह इस दुख को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे और डिप्रेशन में रहने लगे थे। उन्हें शराब की लत लग गई थी। इतना ही नहीं उन्हें दो बार दिल का दौरा भी पड़ा। अनुराग कश्यप ने बताया कि ‘मैक्सिमम सिटी’ उनके लिए क्या मायना रखती थी। जब ओटीटी प्लेटफॉर्म ने साथ नहीं दिया तो उनका दिल टूट गया था।
स्ट्रीमिंग प्लेटफार्मों को लेकर अनुराग कश्यप को लगता था कि ये एक ऐसी चीज है जो मनोरंजन की दुनिया में क्रांति ला सकती है। लेकिन बाद में उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा, “आखिरकार स्ट्रीमिंग वह जगह थी जिसका मैं इंतजार कर रहा था। निराशा यह है कि इसे एक क्रांति माना जाता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोशल मीडिया की तरह, इसे स्ट्रॉन्ग बनाना था, लेकिन यह एक टूल बनकर रह गया।”
अनुराग कश्यप की नई फिल्म ‘कैनेडी’ का प्रीमियर 2023 कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ। इसका निर्माण ज़ी स्टूडियोज़ ने किया था। इसमें सनी लियोन और राहुल भट्ट ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।