बॉलीवुड फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) और फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) के बीच सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। अनुराग कश्यप ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘पैन इंडिया फिल्मों के लिए अपने जुनून और उन्हें बनाने की कोशिश बॉलीवुड को बर्बाद कर रही है।’

अनुराग कश्यप के इंटरव्यू को लेकर विवेक अग्निहोत्री ने रिएक्शन दिया था। अग्निहोत्री ने ट्विटर पर एक न्यूजपेपर में कश्यप के बयान का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा था,”मैं बॉलीवुड के इकलौते मिलॉर्ड के विचारों से पूरी तरह असहमत हूं। क्या आप सहमत हैं?” इसी के बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। विवेक अग्निहोत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए अनुराग कश्यप ने उनकी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) की कहानी पर सवाल उठाए।

शुरू हुई बहस
अनुराग कश्यप ने लिखा,”सर आपकी गलती नहीं है। आपकी फिल्मों की रिसर्च भी ऐसी ही होती है जैसे आपकी बातों पर ट्वीट है। आपका और आपकी मीडिया का भी यही हाल ही। कोई नहीं अगली बार थोड़ा गंभीर रिसर्च कर लेगा।” विवेक अग्निहोत्री ने कश्यप को जवाब में चुनौती दे डाली।

आप साबित कर दो: विवेक अग्निहोत्री
विवेक अग्निहोत्री ने अनुराग कश्यप के ट्वीट पर करारा जवाब देते हुए लिखा,”भोलेनाथ, आप लगे हाथ साबित कर दो कि द कश्मीर फाइल्स का चार साल का रिसर्च सब झूठा था। गिरिजा, टीकू, बीके गंजू, एयरफोर्स किलिंग, नादीमार्ग सब झूठा था। 700 पंडितों के वीडियो सब झूठे थे। हिंदु कभी मरे ही नहीं। आप साबित कर दो, दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।”

दोनों की बहस में तमाम लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने विवेक अग्निहोत्री की फिल्म में दिखाई गई कहानी को आधा सच बताया है।

क्यों छिड़ी बहस?
दरअसल अनुराग कश्यप ने अपने इंटरव्यू में फिल्म ‘कांतारा’ और ‘पुष्पा’की सफलता को लेकर बात करते हुए बॉलीवुड का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि “पैन इंडिया फिल्मों के लिए अपने जुनून और उन्हें बनाने की कोशिश बॉलीवुड को बर्बाद कर रही है। कांतारा और पुष्पा जैसी फिल्में आपको बाहर जाकर अपनी कहानियां कहने का साहस देती हैं, लेकिन फिल्म केजीएफ 2, चाहे कितनी भी बड़ी सफलता हो, जब आप कोशिश करते हैं और उसकी नकल करके एक प्रोजेक्ट बनाते हैं, तभी आप नुकसान की ओर बढ़ने लगते हैं। यह वही गाड़ी है जिस पर बैठकर बॉलीवुड ने खुद को नष्ट कर लिया है।”